50 हजार रिश्वत के साथ गया जी के बीडीओ गिरफ्तार, प्रशासनिक अधिकारियों में मचा हड़कंप


नेशनल आवाज़ /पटना :- घूसखोरी एवं भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने के लिए सरकार लगातार अपील कर रही है.आम जनता के बीच प्रशासनिक अधिकारियों के प्रति काफी उदासीनता दिखाई दे रही है.किसी भी काम के लिए उन्हें महिनों चक्कर लगाना पड़ रहा है, या फिर चढ़ावे के बाद काम हो रहा है.इस बीच निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की मुख्यालय टीम ने सोमवार को गया जी नगर के प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO) राकेश कुमार को 50 हजार रुपए घूस लेते रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया है.
बिहार प्रशासनिक सेवा के बड़े पदाधिकारी के निगरानी के चंगुल में आते ही प्रदेश के प्रशासनिक महकमे में हलचल मच गयी.निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की ओर से दी गयी जानकारी के मुताबिक गया जी की प्रखंड प्रमुख सुचिता रंजनी ने गया नगर के प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO) राकेश कुमार के खिलाफ रिश्वत मांगे जाने की शिकायत दर्ज करायी थी. शिकायत के मुताबिक गया जी नगर क्षेत्र में विकास के कार्य कराए गए थे. इसके निमित्त 3.50 लाख रुपए का भुगतान श्रमिकों को किया जाना था.
यह भुगतान BDO राकेश कुमार के हस्ताक्षर से ही होना था. इस भुगतान के बदले बीडीओ कुल एक लाख रुपए रिश्वत की मांग कर रहे थे.शिकायत की जांच करने पर निगरानी ने मामले को सत्य पाया. इसके बाद बीडीओ को दबोचने के लिए निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने जाल बिछाया. तय प्लान के मुताबिक एक लाख रुपए का भुगतान दो किश्तों में करने पर सहमति बनी.इसकी पहली किस्त का भुगतान सोमवार को किया जाना था.
पहली किस्त के रूप में 50 हजार रुपए का भुगतान करने के लिए प्रखंड प्रमुख सुचिता रंजनी ने बीडीओ राकेश कुमार को अपने कार्यालय कक्ष में बुलाया था. वहां निगरानी अन्वेशण ब्यूरो के उपाधीक्षक सत्येंद्र राम और उनकी पूरी टीम पहले से ही अपने सहयोगियों के साथ जाल बिछाए बैठी थी.शिकायतकर्ता ने जैसे ही रुपए के नोटों का बंडल बीडीओ राकेश कुमार को सौंपा.निगरानी की टीम ने उन्हें दबोच लिया.प्रारंभिक पूछताछ के बाद निगरानी की टीम इन्हें लेकर पटना चली गयी.जिन्हें निगरानी की विशेष अदालत में पेश किया जाएगा.






