जयंती पर याद किए गए संत गाड़गे,विचारों को आत्मसात करने का लिया संकल्प


नेशनल आवाज़ /बक्सर :- अखिल भारतीय धोबी महासंघ के तत्वावधान में नगर पंचायत चौसा स्थित कार्यालय में स्वच्छता के अग्रदूत महान संत श्री संत गाड़गे जी महाराज की 150वीं जयंती सोमवार को समारोह आयोजित कर मनाई गई. इस समारोह में बाबा संत श्री गाड़गे महाराज के तैल चित्र पर माल्यार्पण के साथ ही उनके उपदेशों को समाज में अपनाने की प्रतिबद्धता दुहराई गई. कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे छठ्ठु लाल रजक द्वारा बाबा के विचारों को दुहराया गया जैसे, भूखों को भोजन दो, प्यासे को पानी, निर्वस्त्र को कपडे, गरीब बच्चों को शिक्षा, बेघरों को आश्रय, निःशक्त दिव्यागों मरीजों का उपचार कराओ, बेरोजगारों को रोजगार दिलाओ , पशु पक्षियों की सुरक्षा करो, गरीब युवक-युवतियों की शादी कराओ, निराश और दुःखी जनों की हिम्मत बढ़ाओ, आदि विचारों को समाज में अपनाने की अपील की गई.
महासंघ के जिलाध्यक्ष अजय कुमार अधिवक्ता ने युवाओं को संत श्री गाड़गे जी के उपदेशों को समाज के विभिन्न वर्गों में फैलाने काआह्वान किया. इस दौरान गुल मोहम्मद , सत्येंद्र कुमार, विजय कुमार, अमरलाल , जवाहिर धोबी, उपेन्द्र कुमार, रामस्वरूप रजक, हरेंद्र रजक, टुन्ना कुमार, धनजी, मंजर आलम आदि शामिल रहे.






