साइकिल बचाने में पलटा ट्रैक्टर,दो व्यक्ति की हुई मौत

नेशनल आवाज़ /बक्सर :- जिले के इटाढ़ी थाना क्षेत्र अंतर्गत बक्सर धनसोई मुख्य मार्ग पर बैरी गांव के समीप ट्रैक्टर पलटने से दो व्यक्ति की दर्दनाक मौत हो गई. जिसकी पहचान राजपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत नागपुर पंचायत के कठजा गांव निवासी ट्रैक्टर चालक धर्मेंद्र कुमार पिता योगेंद्र कुमार एवं साइकिल सवार इटाढ़ी थाना के चिलबिला गांव निवासी दयाशंकर शर्मा पिता विमल शर्मा के रूप में की गई है. घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार धर्मेंद्र कुमार नगर परिषद में कचरा ढोने वाले ट्रैक्टर चलाता था.
सोमवार को भी वह ट्रैक्टर लेकर इटाढ़ी की ओर जा रहा था. तभी बैरी गांव के पास अचानक साइकिल सवार व्यक्ति साइकिल चलाते हुए नजदीक पहुंच गया जिसका संतुलन बिगड़ गया. जिस साइकिल सवार को बचाने के लिए ट्रैक्टर चालक ने प्रयास किया. तभी ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर तेज गति से चाट में पलट गया.जिस हादसे में साइकिल सवार भी इसकी चपेट में आ गया. चालक भी ट्रैक्टर के साथ गंभीर रूप से घायल हो गया. रोड पर अफरा -तफरी का माहौल हो गया.
आसपास मौजूद लोग तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर इसकी सूचना पुलिस को दी. घटनास्थल पर पहुंची डायल 112 की टीम ने इन दोनों घायलों को सदर अस्पताल पहुंचाया.जहां डॉक्टर ने दोनों को मृत घोषित कर दिया. हादसे की खबर के बाद अस्पताल पहुंचे परिजनों में कोहराम मच गया. गांव के ग्रामीणों ने बताया कि दोनों ही व्यक्ति अपने-अपने परिवार से आर्थिक रूप से कमजोर है. परिवार की रोजी-रोटी चलाने के लिए मजदूरी करते थे.इस घटना के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट गया है.इटाढ़ी पुलिस ने दोनों शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.






