चिंगारी से गेहूं के खेत में लगी आग, 15 बीघा का फसल जलकर हुआ राख

नेशनल आवाज़/ बक्सर :- जिले के सिकरौल थाना क्षेत्र के जिगना गांव में शुक्रवार की दोपहर आग लगने से लगभग 15 बीघा खेत में लगा गेहूं का फसल जलकर राख हो गया. घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार गांव के बधार में काली मंदिर में पूजा अर्चना के बाद वहां अगरबत्ती जलाई गई थी.
तभी तेज हवा होने से अगरबत्ती से निकली एक चिंगारी ने बगल के गेहूं के खेत में आग पकड़ लिया. आग लगते ही हवा की झोंकों के साथ यह तेज लौ के साथ जलने लगा.आग की लपटों को देख ग्रामीणों ने चिल्लाना शुरू कर दिया. जिसकी आवाज सुन सैकड़ो की तादाद में पहुंचे गांव के ग्रामीणों ने आसपास के समरसेबल चालू किया.
लाठी झंडा लेकर आग बुझाना शुरू कर दिया. घंटो मस्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया गया. तब तक किसानों का फसल जलकर नष्ट हो गया. ग्रामीणों ने बताया कि इस बार मौसम बहुत काफी खराब चल रहा है. अप्रैल के प्रथम सप्ताह में ही तापमान अधिक होने के साथ तेज आंधी जैसी हवा चल रही है. जिससे काफी नुकसान हो गया. घटना की सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम भी काफी मेहनत कर आग लगे खेत के आसपास के फसलों को बचाने के लिए काफी प्रयास किया.यहां के किसानों ने भारी क्षति के बाद प्रशासन से जांच कर उचित मुआवजे की मांग की है.






