पिठारी के जगन्नाथ सिंह कुशवाहा ने नेशनल मास्टर्स गेम्स में जीता गोल्ड, 66 की उम्र में दौड़ लगाकर बनाया रिकार्ड


नेशनल आवाज़ /बक्सर :- लहरों से डरकर नौका पार नहीं होती, कोशिश करने वालों की कभी हार नहीं होती.. अगर व्यक्ति के अंदर जोश एवं जूनून हो तो हर काम आसान हो सकता है. यह सच साबित कर दिखाया है जिले के राजपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत पिठारी गांव निवासी 66 वर्षीय सेवानिवृत्त शिक्षक जगन्नाथ सिंह कुशवाहा ने जिन्होंने स्कूली जीवन के बाद भी कड़ी मेहनत, अनुशासन और जज़्बे से बिहार व देश का नाम रोशन किया है.
मुंबई के पुणे में आयोजित फर्स्ट यूनाइटेड नेशनल मास्टर्स गेम्स 2026 में जगन्नाथ सिंह कुशवाहा ने मैराथन दौड़ की 10 किलोमीटर, 5 किलोमीटर और 1500 मीटर स्पर्धा में शानदार प्रदर्शन करते हुए तीनों में गोल्ड मेडल अपने नाम किया.उनकी इस ऐतिहासिक उपलब्धि से पूरे जिले में खुशी की लहर दौड़ गई. गोल्ड मेडल जीतने के बाद शनिवार को जब बक्सर रेलवे स्टेशन पहुंचे, तो यहां जिले के लोगों ने फूल-माला से भव्य स्वागत किया.स्टेशन परिसर “भारत माता की जय” जगन्नाथ सिंह के नारों से गूंज उठा.
रेलवे स्टेशन से एक भव्य विजय यात्रा निकाली गई.अम्बेडकर चौक बाबा साहब भीमराव अम्बेडकर, ज्योति प्रकाश चौक पर शहीद ज्योति प्रकाश तथा वीर कुंवर सिंह की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई.विजय यात्रा का समापन परिसदन में हुआ, जहां लोगों ने जगन्नाथ सिंह कुशवाहा को सम्मानित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की. इस अवसर पर कुशवाहा महासंघ के अध्यक्ष अभिमन्यु कुशवाहा, दीनानाथ ठाकुर, राज सिंह, सोनू सिंह, जय प्रकाश सिंह सहित सैकड़ों की संख्या में गणमान्य लोग और खेल प्रेमी उपस्थित रहे.






