पाथवेज वर्ल्ड स्कूल के छात्र ऐतिहासिक एवं भौगोलिक स्थलों से हुए अवगत, ज्ञान का होगा संचार


नेशनल आवाज़ /बक्सर :- जिले के पाथवेज वर्ल्ड स्कूल डुमरांव के बच्चों का शैक्षिक परिभ्रमण कार्यक्रम अत्यंत सफल और ज्ञानवर्धक रहा. विद्यालय के इंजीनियर आर. राघवन के देखरेख में कक्षा सात तक के छात्र-छात्राएं ऐतिहासिक व धार्मिक नगरी बनारस एवं सारनाथ के लिए रवाना हुए. इस शैक्षिक यात्रा का उद्देश्य बच्चों को पुस्तकीय ज्ञान से इतर प्रत्यक्ष अनुभव के माध्यम से इतिहास, संस्कृति और अध्यात्म से जोड़ना था.
परिभ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने मार्ग में पड़ने वाले ऐतिहासिक स्थलों की जानकारी प्राप्त की. सर्वप्रथम चौसा की ऐतिहासिक भूमि पर मुगल सम्राट हुमायूं और अफगान शासक शेरशाह सूरी के बीच हुई प्रसिद्ध चौसा की लड़ाई के युद्ध स्थल का अवलोकन किया गया. इसके पश्चात एशिया के सबसे बड़े गांव गहमर में मां कामाख्या मंदिर में पूजा-अर्चना कर यात्रा की शुरुआत की गई. इसके बाद बच्चों ने सारनाथ पहुंचकर 80 फीट ऊंची भगवान बुद्ध की भव्य प्रतिमा, बौद्ध स्तूप, अशोक स्तंभ, बुद्ध के शिष्यों के ज्ञान व प्रचार-प्रसार स्थल, मुख्य सारनाथ मंदिर, संग्रहालय तथा सारनाथ चिड़ियाघर का भ्रमण किया.अंत में स्वामी स्वर्वेद महामंदिर तक परिभ्रमण कर बच्चों ने आध्यात्मिक शांति का अनुभव किया.
यात्रा को रोचक एवं यादगार बनाने के लिए विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं द्वारा विभिन्न शैक्षिक एवं मनोरंजक गतिविधियों का आयोजन किया गया, जिससे बच्चों में उत्साह और जिज्ञासा बनी रही. इस अवसर पर इंजीनियर आर. राघवन ने कहा कि शैक्षिक परिभ्रमण केवल मनोरंजन का साधन नहीं है, बल्कि यह बच्चों के आत्मिक, भावनात्मक और नैतिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है. ऐसे कार्यक्रम बच्चों की अभिरुचियों, रचनात्मकता और कलात्मक सोच को सकारात्मक दिशा प्रदान करते हैं. विद्यालय परिवार ने इस सफल शैक्षिक यात्रा को बच्चों के सर्वांगीण विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया.






