आग से झुलसकर 6 वर्षीय मासूम बच्चे की हुई मौत

नेशनल आवाज़ /बक्सर :- धनसोई थाना क्षेत्र के मटकीपुर गांव में आग से झुलसकर छह वर्षीय मासूम बच्चे की दर्दनाक मौत हो गई. जिसकी पहचान आदित्य कुमार, पिता राजकुमार साह के रूप में की गई है. घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार राजकुमार साह के घर के बगल में ही पुआल का ढेर था. जहां आदित्य अपने कई छोटे बच्चों के साथ खेल रहा था. तभी अचानक कहीं से निकली चिंगारी ने पुआल की ढेर में आग पकड़ लिया.
आग की लपटो को देखकर आसपास के लोगों ने चिल्लाना शुरू कर दिया. जहां कुछ ही क्षण में सैकड़ो की तादाद में ग्रामीण इकट्ठा हो गए. ग्रामीणों ने साहस दिखाते हुए आग के बीच से बच्चे को तत्काल बाहर निकाल कर इसे अस्पताल पहुंचाया. जहां डॉक्टर ने इसे मृत घोषित कर दिया.इस हृदय विदारक घटना से परिवार में कोहराम मच गया. गांव में भी सन्नाटा पसरा है.
बच्चे के दादा गोरख साह ने बताया कि जब वे घटना स्थल पर पहुंचे, तो नजारा काफी दर्दनाक था. किसी तरह आग से बाहर निकाला गया. ग्रामीणों ने बताया कि मृतक के पिता किसी मिल में रहकर मजदूरी करने का काम करते हैं. हादसे के समय वह अपने काम पर थे.जैसे ही इस घटना की सूचना मिली वह अपने जिगर के टुकड़े को देखने के लिए पहुंचे.जिसे देख गहरे सदमे में हैं.






