बनारपुर गांव में आक्रोशित ग्रामीणों ने चौसा मोहनिया रोड को किया जाम, आठ घण्टे बाद हटा जाम


नेशनल आवाज़ /बक्सर :- ठेकेदारी और पैसे की लेनदेन में विवाद को लेकर बनारपुर में हुई मारपीट व फायरिंग की घटना के बाद पुलिसिया कार्रवाई से आक्रोशित ग्रामीणों ने गुरुवार को बनारपुर के पास चौसा – मोहनियां मार्ग को आठ घण्टों तक जाम कर पुलिस प्रशासन के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन करते रहे. मिली जानकारी के तहत मंगलवार को दोपहर में हुई घटना के बाद पुलिस ने एक पक्ष से आरोपी बनाए गए बनारपुर निवासी आलोक तिवारी को बुधवार की देर रात गिरफ्तार कर लिया.
इसी गिरफ्तारी को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ गई. प्रदर्शन कर रहे लोगों का आरोप है कि पुलिस ने आधी रात को घर का दरवाजा और खिड़की तोड़कर कार्रवाई की, जो पूरी तरह गैरकानूनी है. इससे गांव में भय और तनाव का माहौल बन गया है. ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि पुलिस प्रशासन का रवैया बनारपुर के प्रति हमेशा कठोर रहता है. छोटी-छोटी घटनाओं में भी घरों में तोड़फोड़ और महिलाओं के साथ अभद्र व्यवहार किया जाता है.
मुन्ना तिवारी ने बताया कि पुलिस कमजोर वर्ग और किसानों पर ही सख्ती दिखाती है, जबकि दबंगों पर नरमी बरती जाती है. उन्होंने कुछ लोगों पर अवैध खनन और मिट्टी ढुलाई के आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की. शाम करीब चार बजे बीडीओ मनोज कुमार पासवान और मुफ्फसिल थाना प्रभारी शम्भु भगत मौके पर पहुंचे और लोगों को समझा बुझाकर सड़क जाम को हटाया. इस बीच आठ घण्टे तक उक्त मार्ग जाम रहा. और मोहनिया मार्ग की वाहने सरेंजा – पुरौन्दा लिंक रोड के रास्ते चलती रही. पुलिस का कहना है कि गोलीबारी मामले में दोनों पक्षों की ओर से प्राथमिकी दर्ज की गई है और उसी आधार पर कार्रवाई की गई है. पुलिस ने भरोसा दिलाया कि मामले की निष्पक्ष जांच जारी है और कानून के अनुसार आगे की कार्रवाई होगी.
बतादें कि 31 मार्च की दोपहर ठेकेदारी और पैसे की लेनदेन को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद में गोलीबारी का आरोप है. इस गोलीबारी के बाद मनोरंजन पांडेय और आनंद राय ने मुफस्सिल थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है. दोनों ने एक-दूसरे पर मारपीट और गोली चलाने के आरोप लगाए हैं. आनंद राय के आवेदन में आलोक तिवारी का नाम भी शामिल है. मुफ्फसिल थानाध्यक्ष ने आलोक तिवारी की गिरफ्तारी की पुष्टि की है. उन्होंने बताया कि अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए भी छापेमारी की जा रही है.



