जदयू भाजपा का साथ छोड़ सैकड़ों लोगों ने ली कांग्रेस की सदस्यता


नेशनल आवाज़ /बक्सर :- जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय में एक ऐतिहासिक राजनीतिक घटनाक्रम देखने को मिला. जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष डॉ. मनोज पांडेय के सशक्त नेतृत्व में विनोद कुमार मौर्य सहित सैकड़ों लोगों ने भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की.इस एकता ने स्पष्ट संकेत दिया कि जिले की राजनीतिक दिशा तेज़ी से कांग्रेस पार्टी के पक्ष में बदल रही है.इस सदस्यता कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ऐसे लोग शामिल हुए, जो भारतीय जनता पार्टी और जनता दल (यूनाइटेड) की वर्षों पुरानी नकारात्मक, अवसरवादी एवं जनविरोधी नीतियों से निराश होकर कांग्रेस पार्टी की विचारधारा से जुड़े.
यह कार्यक्रम मात्र एक औपचारिक सदस्यता समारोह नहीं, बल्कि भाजपा–जदयू गठबंधन की विफलताओं के विरुद्ध जनता के आक्रोश और बदलाव की आकांक्षा का सशक्त सार्वजनिक प्रदर्शन बन गया.कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष डॉ. मनोज पांडेय ने कहा कि आज देश और बिहार दोनों ही गंभीर संकटों से गुजर रहे हैं. बेरोजगारी ने युवाओं के भविष्य को अंधकार में धकेल दिया है, महंगाई ने गरीब और मध्यम वर्ग की कमर तोड़ दी है. किसान लागत और कर्ज के बोझ तले दबे हैं. महिलाएं असुरक्षा के माहौल में जीवन जीने को मजबूर हैं और संवैधानिक संस्थाओं की स्वतंत्रता पर लगातार हमले हो रहे हैं.
ऐसे में जनता का भाजपा–जदयू से मोहभंग होना पूरी तरह स्वाभाविक है.डॉ. पांडेय ने कहा कि कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण करने वाले सभी नए साथी समाज के बीच रहकर जनसेवा, सामाजिक कार्य, शिक्षा, स्वास्थ्य और जनकल्याण के क्षेत्रों में सक्रिय भूमिका निभाने वाले समर्पित लोग हैं.उन्होंने किसी पद या सत्ता के लालच में नहीं, बल्कि विचारधारा, संघर्ष और सेवा के मार्ग को चुनते हुए कांग्रेस पार्टी को अपनाया है. इनके संगठन में शामिल होने से जिला कांग्रेस कमेटी संख्या ही नहीं, बल्कि गुणवत्ता, अनुभव और सामाजिक पकड़ के स्तर पर भी और अधिक सशक्त होगी.उन्होंने भाजपा और जदयू पर तीखा हमला करते हुए कहा कि ये दल आज केवल सत्ता बचाने की राजनीति कर रहे हैं.
जनता से किए गए वादों को भुलाकर शासन को प्रचार और जुमलों तक सीमित कर दिया गया है. रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य, किसान और सामाजिक सौहार्द जैसे जमीनी मुद्दों से ये दल लगातार मुंह चुरा रहे हैं. इसके विपरीत कांग्रेस पार्टी सड़क से लेकर संसद तक जनता के अधिकारों की लड़ाई पूरी मजबूती से लड़ रही है.डॉ. मनोज पांडेय ने कहा कि यह सदस्यता अभियान यहीं नहीं रुकेगा.
आने वाले दिनों में इसे जिले के प्रत्येक प्रखंड, पंचायत और गांव तक ले जाया जाएगा. कांग्रेस पार्टी का उद्देश्य केवल चुनाव जीतना नहीं, बल्कि जनता के विश्वास को पुनः स्थापित करना और लोकतंत्र को जमीनी स्तर पर मजबूत करना है.उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि कांग्रेस पार्टी प्रत्येक नए सदस्य को संगठन में सम्मान, जिम्मेदारी और नेतृत्व के अवसर देने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। पार्टी में मेहनत, निष्ठा और जनसेवा का पूरा सम्मान है. यही कारण है कि विभिन्न राजनीतिक दलों से जुड़े लोग आज कांग्रेस को भविष्य की राजनीति का केंद्र मानकर उससे जुड़ रहे हैं.डॉ. पांडेय ने बक्सर जिले के युवाओं, छात्रों, किसानों, मजदूरों, महिलाओं, बुद्धिजीवियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और अल्पसंख्यक समुदाय से आह्वान किया कि वे कांग्रेस पार्टी से जुड़कर इस बदलाव की मुहिम को और तेज़ करें. उन्होंने कहा कि कांग्रेस ही एकमात्र पार्टी है जो संविधान, लोकतंत्र, सामाजिक न्याय और भाईचारे की सच्ची पहरेदार है.अंत में उन्होंने कहा कि आज का यह सदस्यता कार्यक्रम आने वाले बड़े राजनीतिक परिवर्तन की मजबूत नींव है. बक्सर जिला कांग्रेस कमेटी पूरी ताकत के साथ भाजपा–जदयू की विफल नीतियों के खिलाफ संघर्ष करेगी और जनता के अधिकारों की लड़ाई को निर्णायक मुकाम तक पहुंचाएगी.
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से भोला ओझा,किसान कांग्रेस अध्यक्ष संजय पांडे,त्रिलोकी नाथ मिश्रा, संजय कुमार दुबे,अजय यादव,त्रियोगी नारायण मिश्रा, राकेश यादव,रविंद्र राय मौजूद रहे.कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण करने वालों में संतोष कुशवाहा, यतेंद्र गुप्ता, राम आशीष सिंह, जनार्दन यादव, चंद्रभूषण प्रसाद, रामबचन कुशवाहा, मोहन राम, धर्मेंद्र शाह, वकील मल्लाह सहित लगभग 50 लोग शामिल रहे.डॉ. मनोज पांडेय ने बताया कि आने वाले कुछ महीनों में हजारों की संख्या में लोगों को कांग्रेस की सदस्यता दिलाई जाएगी. अन्य दलों से कांग्रेस में आने वालों को पूरी जांच-परख एवं संगठनात्मक प्रक्रिया के तहत शामिल किया जाएगा.





