राज्य स्तरीय गणित ओलंपियाड में निधि रही अव्वल, बिहार दिवस पर बक्सर का रहा जलवा


नेशनल आवाज़ /बक्सर :- बिहार दिवस के अवसर पर पटना में आयोजित राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में जिले के छात्र-छात्राओं ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए जिले को गौरवान्वित किया है. शिक्षा विभाग के मार्गदर्शन में तैयार हुए प्रतिभागियों ने विभिन्न विधाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए राज्य स्तर पर महत्वपूर्ण स्थान प्राप्त किया है.
जिले की सबसे बड़ी उपलब्धि गणित ओलंपियाड (वर्ग 9–12) में देखने को मिली. निधि कुमारी ने पूरे बिहार में प्रथम स्थान प्राप्त कर इतिहास रच दिया. उनकी इस उल्लेखनीय सफलता से पूरे शिक्षा विभाग में हर्ष का माहौल है.इसी प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रिंस कुमार, नंदनी कुमारी एवं सत्यम कुमार को राज्य स्तर पर सांत्वना पुरस्कार प्रदान किया गया.
चित्रकला ने मोहा मन
चित्रकला एवं पेंटिंग प्रतियोगिता में भी बक्सर के विद्यार्थियों ने अपनी कला का शानदार प्रदर्शन किया.प्रिया कुमारी ने राज्य स्तर पर चौथा स्थान एवं आयुष जायसवाल ने पाँचवाँ स्थान प्राप्त किया.प्रिया वर्मा एवं अनमोल को उनके रचनात्मक कार्यों के लिए सांत्वना पुरस्कार से सम्मानित किया गया.
ज्ञान-विज्ञान आधारित क्विज प्रतियोगिता में भी जिले के प्रतिभागियों ने अपनी मजबूत पकड़ का परिचय दिया.रतन जी गुप्ता, संदीप कुमार, शिखा कुमारी एवं बबली कुमारी को उनके उत्कृष्ट सामान्य ज्ञान एवं त्वरित उत्तर देने की क्षमता के लिए राज्य स्तर पर सांत्वना पुरस्कार प्रदान किया गया.बक्सर के छात्र-छात्राओं की इस उल्लेखनीय सफलता पर जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (समग्र शिक्षा) चंदन द्विवेदी, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (स्थापना) रजनीश उपाध्याय एवं सभी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारियों ने प्रसन्नता व्यक्त की.
अधिकारियों ने कहा कि यह उपलब्धि शिक्षकों एवं नोडल पदाधिकारियों की कड़ी मेहनत और समर्पण का परिणाम है, जिन्होंने जिला स्तर से लेकर राज्य स्तर तक विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया.






