बिहार सेंट्रल स्कूल के छात्रों ने ओलंपियाड में राष्ट्रीय स्तर पर बनायी पहचान, छात्रों में दिखा उत्साह


नेशनल आवाज़ /बक्सर :- शहर के बाईपास रोड स्थित बिहार सेंट्रल स्कूल के विद्यार्थियों ने ओलंपियाड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय का नाम रोशन किया है.यह परीक्षा 18 दिसंबर 2025 को आयोजित की गई थी, जिसमें कक्षा 1 से 12वीं तक के कुल 310 विद्यार्थियों ने भाग लिया था.घोषित परिणामों में विद्यालय के 13 छात्र-छात्राओं ने राष्ट्रीय, राज्य एवं जिला स्तर पर प्रथम सहित अन्य शीर्ष स्थान प्राप्त किए हैं. विद्यार्थियों की इस उपलब्धि पर विद्यालय परिवार में खुशी का माहौल है.
विद्यालय के सचिव सरोज सिंह ने सभी सफल विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि ओलंपियाड जैसी परीक्षाएं विद्यार्थियों के लिए ज्ञान का महाकुंभ होती हैं.इनमें भाग लेने से छात्रों की विषयगत समझ और सामान्य ज्ञान का विस्तार होता है तथा उन्हें प्रतिस्पर्धात्मक माहौल का अनुभव मिलता है.उन्होंने अभिभावकों को भी बच्चों की सफलता पर शुभकामनाएं दीं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की.
सफल विद्यार्थियों की उपलब्धियां
कक्षा 10वीं की रौशनी सिंह ने राष्ट्रीय, राज्य और जिला – तीनों स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त किया. इसी कक्षा की रौशनी कुमारी ने तीनों स्तर पर द्वितीय स्थान हासिल किया. आयुष्मान सिंह ने भी उत्कृष्ट रैंक प्राप्त की.
कक्षा 9वीं के अभिषेक कुमार सिंह ने राष्ट्रीय स्तर पर 8वां, राज्य और जिला स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त किया.कक्षा 9वीं के ही श्वेतांक पांडेय ने राज्य स्तर पर उच्च रैंक तथा जिला स्तर पर उल्लेखनीय स्थान प्राप्त किया.अश्विनी ने जिला स्तर पर तृतीय स्थान हासिल किया.
कक्षा 8वीं की पलक श्रीवास्तव, कक्षा 5वीं के प्रिंस सिंह (जिला स्तर पर द्वितीय) और नवनीत कुमार राय, कक्षा 1 के ब्रजेश कुमार (जिला स्तर प्रथम) एवं अमृता कुमारी ने भी उत्कृष्ट प्रदर्शन किया. इसके अलावा कक्षा 12वीं की ज्योति कुमारी ने जिला स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया. विद्यालय प्रशासन ने सभी सफल विद्यार्थियों को सम्मानित करने की घोषणा की है और भविष्य में भी ऐसे प्रतियोगी परीक्षाओं में छात्रों की भागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया है.






