ब्रह्मपुर शिक्षा पदाधिकारी को निगरानी टीम ने रिश्वत लेते किया गिरफ्तार

नेशनल आवाज़ /बक्सर :- शिक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है.साथ ही भ्रष्टाचार पर नकेल कसने के लिए निरंतर अभियान चला रही है. इसी अभियान के तहत अचानक ब्रह्मपुर पहुंची निगरानी विभाग की टीम ने प्रभारी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी सह प्रखंड कल्याण पदाधिकारी लक्की यादव को 10 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया है. यह रिश्वत एक शिक्षक से एरियर भुगतान के लिए मांगी गई थी.मिली जानकारी के अनुसार पीड़ित शिक्षक सुधीर पाठक ने रिश्वत मांगे जाने की शिकायत निगरानी विभाग से की थी.
शिकायत के सत्यापन के बाद निगरानी विभाग की टीम ने पूरी योजना के तहत कार्रवाई को अंजाम दिया.निगरानी विभाग की टीम सिविल ड्रेस में पीड़ित शिक्षक के साथ ब्रह्मपुर प्रखंड कार्यालय परिसर पहुंची. जैसे ही पीड़ित शिक्षक ने तय राशि लक्की यादव को सौंपी पहले से सतर्क निगरानी विभाग की टीम ने तुरंत छापेमारी कर उन्हें रंगे हाथ पकड़ लिया. रिश्वत की रकम भी बरामद कर ली गई. गिरफ्तारी के बाद निगरानी विभाग ने प्रखंड कार्यालय परिसर में ही पूछताछ की.आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए पटना ले जाया गया. जहां उनसे गहन पूछताछ की जाएगी. इस कार्रवाई से शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया है. स्थानीय लोगों और शिक्षकों में इस बात को लेकर चर्चा तेज है कि लंबे समय से भुगतान के नाम पर अवैध वसूली की शिकायतें मिलती रही हैं.






