Slide
जीवन में हजारों लड़ाइयां जीतने से अच्छा है कि तुम स्वयं पर विजय प्राप्त कर लो : गौतम बुद्ध
previous arrow
next arrow
politics

केंद्र सरकार जनहित के मुद्दों पर विफल, एलपीजी संकट और महंगाई से जनता त्रस्त : डॉ. मनोज

नेशनल आवाज़ /बक्सर :-  जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष डॉ. मनोज पांडेय ने  प्रेस विज्ञप्ति जारी करते हुए केंद्र की  सरकार पर तीखा हमला किया है. उन्होंने कहा कि जब देश में डॉ. मनमोहन सिंह के नेतृत्व में संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (यूपीए) की सरकार थी, तब भारतीय जनता पार्टी के नेता उन्हें “मौन प्रधानमंत्री” कहकर लगातार आलोचना किया करते थे. लेकिन आज जब देश की जनता ने भारी बहुमत देकर नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री बनाया है, तब देश के ज्वलंत मुद्दों पर उनकी चुप्पी और निष्क्रियता साफ दिखाई दे रही है.डॉ. पांडेय ने कहा कि आज देश की आम जनता महंगाई, बेरोजगारी और आवश्यक वस्तुओं की बढ़ती कीमतों से बुरी तरह परेशान है. विशेष रूप से एलपीजी सिलेंडर की किल्लत और बढ़ती कीमतों ने आम परिवारों की रसोई का बजट बिगाड़ दिया है.

गरीब, मध्यम वर्ग, किसान और मजदूर वर्ग सभी इस संकट से जूझ रहे हैं, लेकिन केंद्र सरकार इस गंभीर समस्या के समाधान के लिए कोई ठोस कदम उठाती दिखाई नहीं दे रही है.उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा से जनता के मुद्दों को सड़क से लेकर संसद तक उठाने का काम करती रही है.इसी क्रम में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस के सांसदों ने संसद परिसर में जनता की समस्याओं को मजबूती से उठाया और मोदी सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ विरोध दर्ज कराया.

एक समय ऐसा था जब रसोई गैस के दाम में मामूली वृद्धि होने पर भारतीय जनता पार्टी के कई बड़े नेता सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन करते थे. उस समय भाजपा की वरिष्ठ नेता स्मृति ईरानी सहित कई नेता गैस सिलेंडर को लेकर बड़े-बड़े बयान देते थे और जनता को भड़काने का प्रयास करते थे.लेकिन आज जब गैस सिलेंडर की कीमतें लगातार बढ़ रही हैं और कई स्थानों पर गैस की उपलब्धता भी प्रभावित हो रही है, तब वही नेता पूरी तरह मौन हो गए हैं.

उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में देश की आर्थिक और सामाजिक स्थिति चिंताजनक होती जा रही है.युवाओं के सामने रोजगार का गंभीर संकट है, किसान अपनी उपज का उचित मूल्य पाने के लिए संघर्ष कर रहे हैं और महिलाओं के सामने घरेलू खर्च चलाना मुश्किल होता जा रहा है.लगातार बढ़ती महंगाई ने आम आदमी की कमर तोड़ दी है.

डॉ. पांडेय ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार जनहित के मुद्दों से ध्यान हटाकर केवल प्रचार-प्रसार और राजनीतिक लाभ लेने में लगी हुई है, जबकि देश की जनता रोजमर्रा की जरूरतों के लिए संघर्ष कर रही है.उन्होंने कहा कि यह स्थिति लोकतंत्र और जनहित दोनों के लिए चिंताजनक है.

इन्होंने स्पष्ट कहा कि यदि केंद्र सरकार ने जल्द ही एलपीजी संकट, महंगाई और बेरोजगारी जैसे गंभीर मुद्दों पर ठोस और प्रभावी कदम नहीं उठाए, तो कांग्रेस पार्टी चुप बैठने वाली नहीं है. कांग्रेस पार्टी हमेशा से गरीबों, किसानों, मजदूरों, युवाओं और महिलाओं के अधिकारों के लिए संघर्ष करती रही है और आगे भी करती रहेगी.पार्टी का उद्देश्य केवल सत्ता प्राप्त करना नहीं बल्कि देश के लोकतांत्रिक मूल्यों और आम जनता के हितों की रक्षा करना है. देश की जनता सब कुछ देख और समझ रही है.आने वाले समय में जनता अपने मताधिकार के माध्यम से उन ताकतों को जवाब देगी जो जनहित के मुद्दों की अनदेखी कर रही हैं.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button