इलाज के दौरान महिला की हुई मौत,महिला के पति ने डॉक्टर पर लगाया लापरवाही का आरोप
चौसा कोचस मार्ग को किया जाम


नेशनल आवाज़/ बक्सर :- जिले के सदर अस्पताल में इलाज के दौरान एक 35 वर्षीय महिला की मौत हो गई. जिसकी पहचान राजपुर थाना क्षेत्र के तियरा गांव निवासी हेमंती देवी पति राजेश बिंद के रूप में हुई है. घटना को लेकर मृतक महिला के पति राजेश बिंद ने बताया कि मंगलवार की रात करीब 11:00 बजे उसकी पत्नी का अचानक तबीयत खराब हो गया. जिसे इमरजेंसी में भर्ती कराया गया.
जहां मौजूद डॉक्टर ने प्राथमिक जांच के बाद पर्ची पर दवा और इंजेक्शन लिख कर दिया. जिसके अनुसार मौजूद अन्य स्वास्थ्य कर्मियों ने इंजेक्शन लगाया. इसके बाद उसकी पत्नी की तबीयत और खराब हो गई. डॉक्टर मरीज को देखने के बजाय कहीं और ले जाने को कहा, तभी उसकी मौत हो गई.इन्होंने कहा की अगर डॉक्टर ने सही तरीके से इलाज किया होता तो घटना नहीं होती. इस घटना से आक्रोशित परिजन एवं इसके अन्य सहयोगियों ने अस्पताल परिसर के बाहर दुकानों के बेंच और अन्य सामान को रखकर चौसा कोचस मुख्य मार्ग को बंद कर दोषी डॉक्टर पर कार्रवाई की मांग करने लगे.
कुछ ही देर में दोनों तरफ गाड़ियों की लंबी कतार लग गई. घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे नगर थाना अध्यक्ष मनोज कुमार ने परिजनों को समझाकर मामले को शांत किया. उन्होंने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी है. रिपोर्ट आने के बाद कानूनी तौर पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. प्रशासन यातायात को बहाल करने में लगा हुआ है.






