अज्ञात चोरों ने ज्वेलर्स दुकान में सेंधमारी कर लाखों का किया चोरी, पुलिस कई बिंदुओं पर कर रही जाँच


नेशनल आवाज़ /बक्सर :- राजपुर प्रखंड के धनसोई बाजार में रविवार देर रात एक ज्वेलरी दुकान में अज्ञात चोरों ने दुकान की बाहरी दीवार में सेंधमारी कर लाखों रूपये की चोरी कर लिया है. घटना के सम्बन्ध में मिली जानकारी के अनुसार धनसोई बाजार में सुनील सेठ के पुत्र बिट्टू वर्मा की ‘मुंडेश्वरी ज्वेलर्स’ दुकान संचालित है. रविवार की शाम यह दुकान बंद कर अपने घर चले गए. देर रात सुनसान होने पर चोरों ने दुकान की बाहरी दीवार में सेंधमारी कर दुकान में प्रवेश कर अलमीरा तोड़कर लगभग चार किलो चांदी लगभग सौ ग्राम सोने के आभूषण चोरी कर लिया.
जिसका बाजार मूल्य लगभग 20 लाख रुपये बताया जा रहा है. चोरों ने जाते वक़्त दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे का मदरबोर्ड और अन्य उपकरण भी अपने साथ ले गए.सोमवार की सुबह जब दुकानदार दुकान खोलने पहुंचा तो फर्श और टूटा हुआ दीवार देख आश्चर्य में पड़ गए. इस बात की चर्चा होते ही वहां सैकड़ो की तादाद में स्थानीय दुकानदार एवं ग्रामीणों की भींड़ इकट्ठा हो गई. सभी ने इस घटना की निंदा करते हुए पुलिस से न्याय की मांग उठाई है. घटना की सूचना मिलते ही धनसोई थाना अध्यक्ष विकास कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दिया है.थाना अध्यक्ष ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम से तकनीकी साक्ष्य जुटाए जा रहे है.






