बिहार में बदलेगा मौसम का मिजाज, तेज हवा आंधी आने की बढ़ी संभावना


नेशनल आवाज़ :- बिहार में मार्च की शुरुआत के साथ ही अब मौसम की चाल बदलने वाली है. राज्य में दिन का पारा 34 से 35 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका है.जिससे दोपहर में कड़ी धूप और गर्माहट महसूस हो रही है. मौसम विभाग ने एक ताजा अपडेट जारी करते हुए बताया है कि आगामी 10 और 11 मार्च को बिहार के कई हिस्सों में तेज आंधी और बारिश से मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल जाएगा.मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता और बंगाल की खाड़ी से आने वाली नमी के कारण वातावरण में अस्थिरता बढ़ गई है.
इसके चलते उत्तर बिहार के जिलों में बादल तेजी से बन रहा है. 10 मार्च को विशेष रूप से अररिया, किशनगंज, सहरसा, मधेपुरा, सुपौल और कटिहार जैसे सीमांचल और कोसी क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है.विभाग ने इन इलाकों के लिए येलो अलर्ट भी जारी किया है.बारिश और आंधी का यह सिलसिला 11 मार्च को और व्यापक हो सकता है.चंपारण से लेकर सीतामढ़ी और मधुबनी तक तेज हवाओं के साथ झमाझम बारिश का अनुमान है. राजधानी पटना और समस्तीपुर में भी आसमान में घने बादल छाए रहेंगे.फिलहाल पटना में 20 किमी/घंटा की रफ्तार से चल रही पछुआ हवाओं ने धूल और गर्मी बढ़ाई है. बारिश के बाद तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी.



