कांग्रेस ने नेशनल टैलेंट हंट को जिला स्तर पर किया लॉन्च


नेशनल आवाज़ /बक्सर :- जब देश में लोकतंत्र को कमजोर करने की साजिशें हो रही हैं, युवाओं से रोजगार छीना जा रहा है. महंगाई ने आम जनता की कमर तोड़ दी है और संविधान पर लगातार हमले हो रहे हैं. ऐसे संकट के समय में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस ने नेशनल टैलेंट हंट कार्यक्रम के माध्यम से जमीनी स्तर पर मजबूत, प्रशिक्षित और वैचारिक नेतृत्व तैयार करने का संकल्प लिया है.इसी कड़ी में जिला कांग्रेस कमिटी के तत्वावधान में इस कार्यक्रम का जिला स्तर पर शुभारंभ अध्यक्ष डॉ मनोज पाण्डेय ने किया.
इस अवसर पर अध्यक्ष डॉ. मनोज पांडेय ने प्रेस को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी केवल सत्ता की राजनीति नहीं करती, बल्कि लोकतंत्र, संविधान और आम जनता के अधिकारों की रक्षा की लड़ाई लड़ती है. बिहार की धरती ने देश को लोकतंत्र की दिशा दी है और आज उसी धरती से कांग्रेस पार्टी एक बार फिर जनता की आवाज बुलंद करने के लिए प्रतिबद्ध है.
नेशनल टैलेंट हंट कार्यक्रम कांग्रेस पार्टी की दूरदर्शी और क्रांतिकारी पहल है. जिसका उद्देश्य बक्सर जिले के गांव-गांव, टोला-टोला से ऐसे युवाओं और जागरूक नागरिकों को आगे लाना है जो आज की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ मजबूती से खड़े हो सकें.इन्होंने जिले के युवाओं, छात्रों, किसानों, मजदूरों, महिलाओं, बुद्धिजीवियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे इस अभियान से जुड़ें और कांग्रेस पार्टी की जनपक्षधर विचारधारा को गांव-गांव, घर-घर तक पहुंचाने में जिला कांग्रेस कमेटी का साथ दें.इस कार्यक्रम में संजय कुमार पांडेय, संजय कुमार दूबे,रोहित उपाध्याय, कुमकुम देवी,त्रियोगी नारायण मिश्रा, महेंद्र चौबे, विकास कुमार, अजय यादव, राकेश यादव सहित अन्य लोग मौजूद रहे.






