कुश्ती खिलाड़ी पंचरत्न का हुआ भव्य स्वागत,रोड शो में उमड़ा जन सैलाब

नेशनल आवाज़ /बक्सर :- राजपुर प्रखंड के तियरा स्थित रविदास मंदिर परिसर में ग्रामीणों के तरफ से अभिनंदन समारोह का आयोजन किया गया. जिसकी अध्यक्षता बुद्धिजीवी प्रकोष्ठ के अरविंद राम ने की.कार्यक्रम में साउथ एशिया कॉम्बैट कुश्ती चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक विजेता खिलाड़ी पंचरत्न उर्फ़ गुड़िया कुमारी का भव्य स्वागत किया गया.

कार्यक्रम में पहुंचे सैकड़ो की तादाद में महिला, पुरुष एवं छात्र-छात्राओं ने इन्हें मोमेंटो एवं फूल माला देकर स्वागत किया. इससे पूर्व प्रखंड मुख्यालय पहुंचे बाबा साहब डॉक्टर भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर भी इस खिलाड़ी ने माल्यार्पण कर उनके आदर्शों पर चलने का आह्वान किया. इस महिला खिलाड़ी ने क्षेत्र के बालिकाओं को खेल के प्रति आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि खेल हमारे जीवन का एक हिस्सा हो गया है. जिसके लिए सरकार भी सहयोग कर रही है.ऐसे में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं को भी इसमें हिस्सेदारी करना जरूरी है.

वक्ताओं ने कहा कि कुश्ती में गोल्ड मेडल हासिल करना एक काफी चुनौती पूर्ण कार्य है. जिसको गांव की इस बेटी ने सच साबित कर हम सभी के हौसले को बढ़ाया है.जिस तरह से बाबा साहब ने पढ़ाई के साथ संघर्ष करने की प्रेरणा दी.आज उन्हीं के रास्ते पर चलकर इस बेटी ने गांव सहित देश का नाम रोशन किया है.आने वाले दिनों में इस बेटी से प्रेरित होकर अन्य बेटियों को भी आगे बढ़कर अपने मुकाम को हासिल करना होगा.विदित हो की विगत दिनों अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हुई इस प्रतियोगिता में इसने श्रीलंका, नेपाल एवं पाकिस्तान के पहलवानों को हराकर स्वर्ण पदक प्राप्त किया है.नेपाल के काठमांडू में आयोजित साउथ एशियन कॉम्बैट चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक प्राप्त हुआ है.इस खेल में पंचरत्न कुमारी ने 75 किलो भार वर्ग में स्वर्ण पदक जीता है.उन्होंने बताया कि इस प्रतियोगिता में कुल आठ देशों ने भाग लिया था जिसमें पंचरत्न ने श्रीलंका, नेपाल तथा पाकिस्तान के पहलवानों को हराकर स्वर्ण पदक जीता है.
इस मौके पर सरस्वती बौद्ध, बसपा नेता लालजी राम, सरोज साधु,सैनिक संघ अध्यक्ष चंद्रजीत सिंह, डायरेक्टर हाकीम प्रसाद,एसएन पांडेय, बृजराज शर्मा, कमलेश राय, विजय सिंह, मारकंडेय कुमार, ललन राम, प्रमोद राम के अलावा अन्य लोगों ने भी इन्हें सम्मानित किया.






