राज्य स्तरीय खो-खो खेल में खिलाड़ियों ने दिखायी प्रतिभा, अंडर-17 में सारण एवं तिरहुत तथा अंडर-19 में पटना एवं भागलपुर ने दर्ज की जीत



नेशनल आवाज़ /बक्सर :- शहर के एमपी हाई स्कूल में बिहार राज्य खेल प्राधिकरण तथा जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित राज्य स्तरीय अंतर प्रमंडल विद्यालय खो-खो बालक खेल प्रतियोगिता के दूसरे दिन विभिन्न आयु वर्गो के रोमांचक सेमीफाइनल मुकाबले खेले गए.समाहर्ता-सह-उपाधीक्षक, शारीरिक शिक्षा तथा वरीय उप समाहर्ता-सह-विशेष कार्य पदाधिकारी ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर मैचों का शुभारंभ किया. इस अवसर पर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए खेल भावना, अनुशासन एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए प्रेरित किया गया. दूसरे दिन अंडर-17 एवं अंडर-19 आयु वर्गों में खेले गए सेमीफाइनल मुकाबलों में अंडर-17 वर्ग, प्रथम सेमीफाइनल सारण प्रमंडल ने पटना प्रमंडल को 1 अंक से पराजित कर जीत दर्ज की.
अंडर-19 वर्ग, प्रथम सेमीफाइनल पटना प्रमंडल ने मुंगेर प्रमंडल को 2 अंकों से हराया.अंडर-19 वर्ग, द्वितीय सेमीफाइनल भागलपुर प्रमंडल ने सारण प्रमंडल को 3 अंकों से पराजित किया.अंडर-17 वर्ग, द्वितीय सेमीफाइनल तिरहुत प्रमंडल ने मगध प्रमंडल को 2 अंकों से पराजित किया.इस मुकाबले में निर्धारित समय समाप्त होने से 3 मिनट 40 सेकंड पूर्व ही तिरहुत प्रमंडल ने जीत सुनिश्चित कर ली.सेमीफाइनल मुकाबलों में खिलाड़ियों ने अपनी गति, कौशल, रणनीति, समन्वय एवं खेल भावना का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया.सभी टीमों ने जीत के लिए भरपूर प्रयास किया.जिससे प्रतियोगिता के मुकाबले रोमांचक बने रहे.
प्रतियोगिता का निष्पक्ष, पारदर्शी एवं सफल संचालन सुनिश्चित करने में तकनीकी पदाधिकारियों, प्रशिक्षकों एवं आयोजन से जुड़े कर्मियों ने महत्वपूर्ण योगदान दिया. वहीं जिला प्रशासन द्वारा प्रतियोगिता के सफल आयोजन हेतु आवश्यक व्यवस्थाएँ सुनिश्चित की जा रही हैं, ताकि राज्य के विभिन्न प्रमंडलों से आए खिलाड़ियों को बेहतर खेल वातावरण उपलब्ध हो तथा वे अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सके.






