बक्सर में राज्यस्तरीय विद्यालय खो-खो प्रतियोगिता का रंगारंग शुभारंभ, डीएम और एसपी ने किया उद्घाटन



नेशनल आवाज़ /बक्सर :- जिले के एमपी उच्च विद्यालय परिसर में बिहार राज्य खेल प्राधिकरण और जिला प्रशासन बक्सर के संयुक्त तत्वावधान में तीन दिवसीय राज्यस्तरीय अंतर प्रमंडल विद्यालय खो-खो बालक खेल प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ किया गया.यह प्रतियोगिता 27 अक्टूबर से 29 अक्टूबर तक आयोजित की जा रही है, जिसमें राज्य के 9 प्रमंडलों और एक एकलव्य टीम के कुल 360 खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं.प्रतियोगिता के पहले दिन उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि जिलाधिकारी साहिला और पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर खेल का उद्घाटन किया.इस दौरान विभिन्न प्रमंडलों से आए खिलाड़ियों ने मार्च पास्ट कर उपस्थित अधिकारियों को सलामी दी.
सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुती ने मैदान में मौजूद दर्शकों का मन मोह लिया. खिलाड़ियों को खेल भावना की शपथ दिलाई गई.समारोह में उप विकास आयुक्त निहारिका छवि , अपर समाहर्त्ता रवि बहादुर, वरीय उप समाहर्ता, उपाधीक्षक शारीरिक शिक्षा, जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी, जिला सैनिक कल्याण पदाधिकारी और बक्सर प्रखण्ड विकास पदाधिकारी सहित कई वरीय अधिकारी उपस्थित रहे.
तीरंदाजी में खिलाड़ियों का शुरु हुआ प्रशिक्षण
जिला पदाधिकारी द्वारा अंतर्राष्ट्रीय तैराकी पदक विजेता और दूसरी एशियन मास्टर्स तैराकी प्रतियोगिता 2026 बेंगलुरू के पदक विजेता विजेन्द्र राय को शाल, बुके, मोमेंटो, सम्मान पत्र एवं पौधा देकर सम्मानित किया गया.
वहीं राष्ट्रीय तीरंदाजी खिलाड़ी मुक्ति नारायण पाठक द्वारा एमपी उच्च विद्यालय में धनुर्विद्या प्रशिक्षण का शुभारंभ किया गया, जिसका उद्घाटन डीएम द्वारा फीता काटकर और लक्ष्य पर निशाना साधकर किया गया.इसके पश्चात, अतिथियों ने मैदान पर खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और टॉस कराकर प्रतियोगिता के पहले मैच की शुरुआत कराई.प्रतियोगिता के पहले दिन विभिन्न आयु वर्ग अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 में हुए मुकाबलों में हुनर दिखाया.अंडर-14 पटना ने दरभंगा को 1 पाली 5 अंक से हराया.अंडर-17 में पटना ने दरभंगा को 1 पाली 2 अंक से हराया. अंडर-19 में दरभंगा ने पूर्णिया को 11 अंकों से हराया.
अंडर-14 में भागलपुर ने तिरहुत को 1 पाली 4 अंक से हराया.अंडर-14 मुंगेर ने पूर्णिया को 1 पाली 10 अंक से हराया.अंडर-17 मुंगेर ने कोशी को 1 पाली 15 अंक से हराया.अंडर-14 मगध ने कोशी को 1 पाली 06 अंक से हराया.प्रतियोगिता के अगले दो दिनों तक राज्य के विभिन्न प्रमंडलों के बीच रोमांचक मुकाबले जारी रहेंगे.






