जिला स्तरीय बैडमिंटन, शतरंज, वॉलीबॉल और बास्केटबॉल में खिलाड़ियों ने दिखाया दम

नेशनल आवाज़ /बक्सर :- बिहार राज्य खेल प्राधिकरण पटना तथा जिला प्रशासन के सौजन्य से आयोजित जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता के दूसरे दिन विभिन्न खेल मैदानों पर रोमांचक मुकाबला हुआ.जिले के खिलाड़ियों ने बेहतरीन खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए प्रतियोगिता में अपनी जगह बनाई.बुधवार को खेल के दूसरे दिन एम.पी. उच्च विद्यालय में खो-खो, वॉलीबॉल और डिस्कस थ्रो प्रतियोगिता का आयोजन हुआ.
ऐतिहासिक किला मैदान में एथलेटिक्स, साइकिलिंग एवं फुटबॉल खेले गए.इसके अलावा कला भवन में कुश्ती तथा बैडमिंटन हॉल में बैडमिंटन और शतरंज खेल आयोजित किए गए.जिसमें बैडमिंटन प्रतियोगिता के अंडर-14 बालक में श्रेयांश राज ने प्रथम तथा अमितेश पांडेय ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया.
अंडर-17 बालक में प्रिंस कुमार प्रथम और श्लोक अग्रवाल द्वितीय रहे.अंडर-19 बालक में प्रतीक राज प्रथम स्थान पर रहे, जबकि प्रज्ञान प्रसाद द्वितीय स्थान पर रहे.अंडर-14 बालिका में कृपा भारती प्रथम एवं अद्विका सिंह द्वितीय स्थान पर रही.अंडर-17 बालिका में सौम्या समृद्धि ने प्रथम तथा पदमनी यादव ने द्वितीय स्थान हासिल किया.अंडर-19 बालिका में ममता कुमारी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया.
शतरंज प्रतियोगिता के अंडर-14 बालिका में भव्या गुप्ता प्रथम एवं वंदना कुमारी द्वितीय रही.अंडर-17 बालिका में प्रज्ञा कुमारी प्रथम तथा सृष्टि कुमारी द्वितीय स्थान पर रही.अंडर-19 बालिका में सलोनी कुमारी प्रथम और दिव्या कुमारी द्वितीय रही.अंडर-14 बालक में अमृत राज प्रथम स्थान पर रहे, जबकि अनिकेत श्रीवास्तव द्वितीय स्थान पर रहे.अंडर-17 बालक में शेखर कुमार साह प्रथम तथा पृथ्वी राज द्वितीय स्थान पर रहे.अंडर-19 बालक में प्रीतम यादव ने प्रथम एवं धर्मवीर कुमार ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया.
बास्केटबॉल अंडर-17 बालक में फाउंडेशन स्कूल की टीम विजेता बनी, जबकि उच्च विद्यालय तिवारीपुर उपविजेता रहा.वॉलीबॉल अंडर-17 बालक में आदर्श उच्च विद्यालय चौसा ने खिताबी जीत दर्ज की, वहीं उच्च विद्यालय बलिहार की टीम उपविजेता रही.वॉलीबॉल अंडर-19 बालक में उच्च विद्यालय बलिहार ने जीत हासिल कर विजेता का खिताब अपने नाम किया और उच्च विद्यालय डुमरांव उपविजेता रहा.विभिन्न खेल परिसरों में आयोजनों का दौर जारी है और खिलाड़ियों के बीच जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है.






