पाथवेज वर्ल्ड स्कूल में नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित, 224 बच्चों का हुआ परीक्षण

नेशनल आवाज़ /बक्सर :- डुमराँव महाराजा मैरिज गार्डन के पास पाथवेज वर्ल्ड स्कूल में नन्हे-मुन्ने बच्चों के लिए एक दिवसीय नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया. इस शिविर में किड्स सेक्शन से लेकर कक्षा 2 तक के छात्र-छात्राओं सहित कुल 224 बच्चों के स्वास्थ्य की गहन जांच की गई और जरूरतमंद बच्चों को मुफ़्त दवाइयां भी दी गई.कार्यक्रम का आयोजन बक्सर चाइल्ड हॉस्पिटल के प्रसिद्ध चिकित्सक डॉ. नंद किशोर सिंह और उनकी टीम द्वारा किया गया.
शिविर का शुभारंभ डॉ. नंद किशोर सिंह तथा इंजीनियर आर. राघवन ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया.समारोह के दौरान स्कूल प्रबंधन द्वारा डॉ. नंद किशोर सिंह और उनकी पूरी मेडिकल टीम को शॉल एवं स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया.वहीं, रेशम केशरी ने टीम के सदस्यों को पौधे भेंट कर ‘ग्रीन डुमरांव’ का पर्यावरण संदेश दिया.डॉ. नंद किशोर सिंह ने बच्चों के स्वास्थ्य पर प्रकाश डालते हुए कहा, समय-समय पर ऐसे शिविरों के आयोजन से बच्चों का शारीरिक और मानसिक विकास बेहतर होता है.
इंजीनियर आर. राघवन ने कहा, मानव सेवा ही सबसे बड़ा धर्म है. इस तरह के आयोजनों से समाज में एक सकारात्मक संदेश जाता है.चिकित्सकों की टीम ने बताया कि छोटे बच्चे अक्सर अपनी शारीरिक समस्याओं या परेशानियों जैसे आंख, कान या अन्य तकलीफ को खुलकर व्यक्त नहीं कर पाते हैं. इसलिए समय-समय पर बच्चों की नियमित जांच कराना बेहद आवश्यक है, ताकि किसी भी बीमारी का शुरुआती स्तर पर ही पता लगाकर इलाज किया जा सके.शिविर के सफल आयोजन में पूरे विद्यालय परिवार ने बढ़-चढ़कर अपना योगदान दिया.कार्यक्रम के अंत में धन्यवाद ज्ञापन के साथ शिविर का समापन हुआ.



