झाड़ी से मिला युवक का शव, ग्रामीणों ने दोषियों पर कार्रवाई की उठायी मांग


नेशनल आवाज़ /बक्सर :- जिले के बासुदेवा थाना क्षेत्र में सुबह झाड़ी से एक युवक का शव बरामद किया गया.जिसकी पहचान बासुदेवा निवासी राजेश कुमार के रूप में की गई.जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई.मृतक का चेहरा बुरी तरह कुचला हुआ था और एक पैर कटा हुआ था.
परिजनों ने बताया कि राजेश रविवार की देर शाम बच्चों के लिए पटाखे और मिठाई खरीदने की बात कहकर घर से निकले थे. लेकिन रात में वापस नहीं लौटे. सोमवार की सुबह शव मिलने की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया.घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने राजेश की निर्मम हत्या की आशंका जताते हुए डुमरांव-बिक्रमगंज मुख्य मार्ग को जाम कर दिया. ग्रामीणों का आरोप है कि अपराधियों ने बेरहमी से हत्या करने के बाद शव को झाड़ी में फेंक दिया था.
मृतक के दो बेटियां और एक बेटा हैं उनकी किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी.घटना स्थल पर पहुंचे डुमरांव के पूर्व विधायक और इंकलाबी नौजवान सभा (RYA) के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अजीत कुमार सिंह ने घटनास्थल पर पहुंचकर परिजनों और स्थानीय ग्रामीणों से मुलाकात की.उन्होंने मौके पर मौजूद डुमरांव एसडीपीओ से बातचीत कर मामले में त्वरित कार्रवाई की मांग की.पूर्व विधायक ने राज्य में बढ़ती हत्या, लूट और आपराधिक घटनाओं पर चिंता जताते हुए कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए.
उन्होंने कहा कि केवल जांच का आश्वासन देना पर्याप्त नहीं है, बल्कि ठोस कार्रवाई कर पीड़ित परिवार को न्याय का भरोसा दिलाना जरूरी है.ग्रामीणों और नेताओं ने प्रशासन के समक्ष राजेश कुशवाहा हत्याकांड के सभी आरोपियों की अविलंब गिरफ्तारी, मामले की निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध जांच करने, दोषियों को कानून के तहत कठोर सजा दिलाने, मृतक के योग्य आश्रित को सरकारी नौकरी और उचित आर्थिक मुआवजा देने की मांग उठायी.






