राजपुर पुलिस ने महादलित बस्ती में मनाई दीपावली, शिक्षा का दिया संदेश



नेशनल आवाज़ /बक्सर :- राजपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले राजपुर महादलित बस्ती में इस वर्ष दीपावली का पर्व बेहद खास अंदाज में मनाया गया.राजपुर थानाध्यक्ष निवास कुमार ने अपनी पुलिस टीम के साथ महादलित बस्ती में पहुंचकर स्थानीय ग्रामीण एवं बच्चों के बीच दीप प्रज्वलित किए और उन्हें मिठाइयां बांटकर खुशियां साझा की.सरकार के निर्देश और सामाजिक सहभागिता के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में पुलिस बल की इस पहल ने बस्ती के माहौल को पूरी तरह उत्सवमय बना दिया.
थानाध्यक्ष और पुलिसकर्मियों को अपने बीच पाकर बच्चों के चेहरे खिल उठे. पुलिस अधिकारियों ने बच्चों के साथ कुछ वक्त बिताया और उन्हें दीपावली की बधाई दी.थानाध्यक्ष निवास कुमार ने बच्चों को प्रेरित करते हुए एक नया संकल्प लेने की बात कही.उन्होंने बच्चों से कहा कि इस दीपावली वे दीप जलाने के साथ-साथ यह संकल्प लें कि वे नियमित रूप से स्कूल जाएंगे और अपनी शिक्षा पूरी करेंगे, क्योंकि शिक्षा ही उनके उज्ज्वल भविष्य की कुंजी है.इस अवसर पर अपर थानाध्यक्ष शिव कुमार मंडल, एस आई सुभाष कुमार, महिला पुलिस मधु कुमारी एवं अन्य पुलिस बल के जवान ने इस सामुदायिक सहभागिता को सफल बनाने में अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया.






