बक्सर के खिलाड़ियों ने रचा इतिहास,28 स्वर्ण समेत जीते कुल 80 पदक

नेशनल आवाज़ /बक्सर :- पटना में आयोजित स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया प्रमंडल स्तरीय विद्यालय खेल प्रतियोगिता में बक्सर जिले के खिलाड़ियों ने ऐतिहासिक प्रदर्शन करते हुए प्रमंडल स्तर पर अपनी खेल प्रतिभा का डंका बजाया है. प्रतियोगिता के तीसरे दिन तक बक्सर के खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए 28 स्वर्ण, 32 रजत और 20 कांस्य सहित कुल 80 पदक अपने नाम किए.
टीम इवेंट्स में पटना को पछाड़कर बक्सर ने जमाया कब्जा
टीम प्रतियोगिताओं में बक्सर का दबदबा देखने को मिला. हॉकी अंडर-14 (बालक) और हॉकी अंडर-19 (बालिका) वर्ग में बक्सर की टीमों ने विजेता बनने का गौरव हासिल किया.वहीं, फुटबॉल अंडर-19 (बालक) के कड़े मुकाबले में बक्सर ने पटना की टीम को शिकस्त देकर खिताब अपने नाम किया, जबकि फुटबॉल अंडर-17 (बालक) में टीम उपविजेता रही.इसके अलावा, कबड्डी अंडर-14 (बालक) में बक्सर की टीम चैंपियन बनी, वहीं कबड्डी अंडर-19 (बालिका) और वॉलीबॉल अंडर-19 (बालक) वर्ग में बक्सर ने उपविजेता का स्थान प्राप्त किया. बास्केटबॉल अंडर-14 (बालक) वर्ग में भी टीम ने रजत पदक जीता.
व्यक्तिगत स्पर्धाओं में मिला पदक
विभिन्न व्यक्तिगत खेल विधाओं में बक्सर के एथलीटों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया.एथलेटिक्स में 06 स्वर्ण, 04 रजत और 09 कांस्य,कुश्ती में 06 स्वर्ण, 06 रजत और 05 कांस्य,ताइक्वांडो में 06 स्वर्ण, 04 रजत और 03 कांस्य, वुशु (बालिका वर्ग) में 03 स्वर्ण,जूडो में 02 स्वर्ण, भारोत्तोलन में 01 स्वर्ण और 02 रजत,बैडमिंटन में 01 रजत पदक मिला है. खिलाड़ियों की इस अभूतपूर्व सफलता पर जिलाधिकारी साहिला ने सभी पदक विजेता खिलाड़ियों, उनके खेल प्रशिक्षकों एवं खेल अधिकारियों को हार्दिक बधाई दी.
जिलाधिकारी ने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि बक्सर में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है. सही मार्गदर्शन और निरंतर अभ्यास के बल पर ये खिलाड़ी आगे चलकर राज्य, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पटल पर जिले और बिहार का नाम रोशन करेंगे.







