आईटीआई में दीक्षांत समारोह का हुआ आयोजन, सफल प्रशिक्षणार्थियों को मिला प्रमाण पत्र


नेशनल आवाज़ /बक्सर :- राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) और महिला औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान के संयुक्त तत्वावधान में महिला आईटीआई परिसर में दीक्षांत समारोह का आयोजन किया गया.इस दौरान सत्र 2024-2026 और 2025-2026 के विभिन्न व्यवसायों के सफल प्रशिक्षणार्थियों को राष्ट्रीय व्यवसाय प्रमाण पत्र (NTC) प्रदान किए गए.कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन और सरस्वती वंदना से हुई. समारोह में प्रशिक्षणार्थियों, प्रशिक्षकों, संस्थान के पदाधिकारियों और अभिभावकों की भागीदारी रही.
प्रत्येक व्यवसाय के शीर्ष तीन मेधावी प्रशिक्षणार्थियों को विशेष रूप से सम्मानित भी किया गया.समारोह को संबोधित करते हुए उप प्राचार्य ने कहा कि आईटीआई से मिला तकनीकी और व्यावहारिक प्रशिक्षण रोजगार व स्वरोजगार के लिए अहम है. उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों को कौशल विकास जारी रखने, अनुशासन में रहने और राष्ट्र निर्माण में योगदान देने के लिए प्रेरित किया.आयोजन के दौरान शाम 5:00 बजे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का लाइव कार्यक्रम प्रसारित किया गया, जिससे संस्थान के प्रशिक्षणार्थी और अतिथि जुड़े.
इस क्रम में कौशल विकास और व्यावसायिक शिक्षा के महत्व पर चर्चा हुई.साथ ही प्रशिक्षणार्थियों को जॉब मेला, अप्रेंटिसशिप, उच्च शिक्षा और कौशल उन्नयन के अवसरों का लाभ उठाने के लिए प्रोत्साहित किया गया. समारोह में प्रशिक्षणार्थियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए और अंत में सभी सफल प्रशिक्षणार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई.






