दुल्हन को गोली मारने वाला अपराधी गिरफ्तार,पिस्टल एवं खोखा बरामद

नेशनल आवाज़ /बक्सर :- मुफस्सिल थाना क्षेत्र के चौसा नगर पंचायत में मल्लाह टोला में जयमाल मंच पर दुल्हन को गोली मारने वाले आरोपी युवक दीनबंधु चौधरी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है.पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य ने प्रेसवार्ता कर बताया कि चौसा में मंगलवार की रात एक विवाह समारोह के दौरान जयमाला कार्यक्रम चल रहा था. इसी दौरान एक युवक ने मंच पर चढ़कर दुल्हन को गोली मार दी.जिसका उपचार जारी है.मामले की गंभीरता को देखते हुए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई.
टीम ने तकनीकी साक्ष्य एवं मानवीय सूचना के आधार पर छापेमारी करते हुए आरोपी को समाहरणालय के पास से दबोच लिया.गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान दीनबंधु चौधरी, पिता रामाशंकर चौधरी, निवासी चौसा, थाना मुफस्सिल, जिला बक्सर के रूप में हुई है.पूछताछ में उसने प्रेम-प्रसंग में घटना को अंजाम देने की बात स्वीकार की है. उसने बताया वह हथियार यूपी से लाया था. उस दिन पूरी मैगजीन खाली कर देना चाहता था मगर, उसे चलाने में तकनीकी खमिया रही. पुलिस ने आरोपी के पास से घटना में प्रयुक्त एक देशी पिस्टल और एक खोखा बरामद किया है. इस संबंध में मुफस्सिल थाना कांड संख्या 64/26 दर्ज कर अग्रेतर कार्रवाई की जा रही है.पुलिस रिपोर्ट के अनुसार आरोपी का पूर्व आपराधिक इतिहास भी रहा है.वर्ष 2020 में उस पर बिहार उत्पाद अधिनियम 2018 की धारा 30 (a) के तहत मुफस्सिल थाना कांड संख्या 384/20 दर्ज है.
छापेमारी टीम में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर गौरव पाण्डेय, मुफस्सिल थाना थानाध्यक्ष शंभु कुमार भगत, डीआईयू प्रभारी सुधीर कुमार सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी एवं सशस्त्र बल के जवान शामिल थे.






