मनिया नहर पुल के पास नहर से युवक का शव बरामद, हत्या या दुर्घटना पुलिस कई बिंदुओं पर कर रही जांच


नेशनल आवाज़ /बक्सर :– राजपुर प्रखंड के धनसोई थाना क्षेत्र अंतर्गत मनिया नहर पुल के समीप शुक्रवार सुबह नहर के पानी से एक युवक का शव बरामद किया गया है.मृतक की पहचान दुल्फा गांव निवासी ब्रजेश सिंह उर्फ गोल्डन पिता श्रीनिवास कुशवाहा के रूप में हुई है.शव मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई.परिजनों के मुताबिक ब्रजेश गुरुवार शाम दोस्तों के साथ कहीं गया था.
शुक्रवार अहले सुबह जब गांव के किसान खेतों की ओर जा रहे थे, तब उन्होंने मनिया नहर पुल के पास पानी में शव देखा.शव के बगल में एक बाइक भी पड़ी थी. शुरुआती तौर पर ग्रामीणों ने इसे सड़क दुर्घटना मानकर चर्चा शुरू की, जिसके बाद सैकड़ों की संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए.
हत्या की आशंका, पुलिस व एफएसएल जांच में जुटी
सूचना मिलते ही धनसोई थाना पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू की. घटनास्थल पर पहुंचे परिजनों ने बाइक की स्थिति को देखते हुए हत्या की आशंका जताई है. परिजनों का कहना है कि यह मामला दुर्घटना जैसा प्रतीत नहीं हो रहा है और साक्ष्य छिपाने की नीयत से शव के पास बाइक रखी गई हो सकती है.धनसोई थाना के अपर थाना अध्यक्ष अभय कुमार ने बताया कि परिजनों के अनुसार युवक देर शाम घर से निकला था.मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल की टीम को बुलाया गया है.पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, एफएसएल जांच और अन्य साक्ष्यों के आधार पर ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा.






