कांग्रेस ने संगठन सृजन अभियान के तहत की बैठक,पुराने एवं नए सदस्य हुए एक जुट


नेशनल आवाज़ /बक्सर :- प्रखंड के मनोहरपुर गांव में कांग्रेस पार्टी के बहुचर्चित ‘संगठन सृजन अभियान’ के द्वितीय चरण की शुरुआत की गयी.जिसमें अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी द्वारा नियुक्त राष्ट्रीय पर्यवेक्षक एवं महाराष्ट्र विधान परिषद सदस्य राजेश राठौर की गरिमामयी उपस्थिति तथा वरिष्ठ कांग्रेस नेता वीरेंद्र राम की अध्यक्षता में संपन्न हुआ.राष्ट्रीय पर्यवेक्षक राजेश राठौर ने अपने संबोधन में कहा कि कांग्रेस पार्टी को बूथ स्तर तक मजबूत करने के लिए पूरे देश में संगठन सृजन अभियान चलाया जा रहा है. उन्होंने कहा कि यह अभियान लोकसभा में प्रतिपक्ष के नेता राहुल गांधी के आह्वान पर प्रारंभ किया गया है.
यह केवल सदस्यता अभियान नहीं, बल्कि विचारधारा से जुड़े समर्पित एवं सक्रिय कार्यकर्ताओं की नई पीढ़ी तैयार करने का संकल्प है.उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील किया कि वे पुराने कांग्रेसजनों को पुनः सम्मानपूर्वक जोड़ें और युवाओं, महिलाओं, किसानों, मजदूरों तथा समाज के हर वर्ग तक कांग्रेस की नीतियों और विचारों को पहुंचाएं. उन्होंने कहा कि मजबूत संगठन ही लोकतंत्र में प्रभावी भूमिका निभा सकता है.
बिहार प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा नियुक्त वरिष्ठ पर्यवेक्षक मृणाल अनामय ने कहा कि आने वाले चुनावों को देखते हुए संगठन की मजबूती अत्यंत आवश्यक है.यदि बूथ स्तर तक प्रतिबद्ध टीम तैयार हो जाती है तो कांग्रेस की विजय सुनिश्चित होगी.उन्होंने प्रखंड और पंचायत स्तर पर नियमित बैठकें आयोजित करने तथा जनसंपर्क अभियान तेज करने का निर्देश दिया.
जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष डॉ. मनोज पांडेय ने कहा कि बक्सर जिला कांग्रेस के सभी कार्यकर्ता इस अभियान को सफल बनाने के लिए कृतसंकल्प हैं. उन्होंने कहा कि बूथ स्तर पर कमेटियों का गठन, निष्क्रिय कार्यकर्ताओं को सक्रिय करना, युवा कांग्रेस एवं महिला कांग्रेस की भागीदारी बढ़ाना तथा पंचायत और प्रखंड स्तर पर नियमित समीक्षा बैठकें आयोजित करना अभियान की प्राथमिकता है.वहीं चौसा प्रखंड में प्रखंड अध्यक्ष राजा रमण पांडेय की अध्यक्षता में उनके आवास पर भी संगठन सृजन अभियान के तहत बैठक आयोजित की गई. यहां राष्ट्रीय पर्यवेक्षक राजेश धोंडीराम राठौर ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि व्यक्तिगत मतभेदों को भुलाकर सामूहिक लक्ष्य की दिशा में कार्य करें. उन्होंने प्रत्येक कार्यकर्ता से अपने क्षेत्र में कम से कम दस नए सदस्यों को जोड़ने तथा पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लेने को कहा.
बैठक में पूर्व विधायक विश्वनाथ राम,बक्सर जिला किसान प्रकोष्ठ के अध्यक्ष संजय कुमार पांडेय , वीरेंद्र राम, संजय कुमार दुबे,अरविंद पांडेय अनु पांडेय,अनिल पांडेय,मृत्युंजय पांडेय,माखन यादव, मुननी चौबे,छठु ठाकुर, सतनारायन, सुदर्शन यादव, अजय यादव, उत्पल यादव, डॉ. सुनील सहित सैकड़ों वरिष्ठ एवं युवा कार्यकर्ता उपस्थित रहे.






