राजपुर के गाँवों के ऊपर गरजते दिखे वायुसेना के लड़ाकू विमान एवं चिनूक, बच्चों में दिखा उत्साह


नेशनल आवाज़ /बक्सर :- राजपुर प्रखंड क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में अचानक आसमान से आई तेज और भारी गड़गड़ाहट ने लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया. उत्तर प्रदेश की सीमा से सटे कई गाँवों के आसमान में भारतीय वायुसेना के शक्तिशाली चिनूक हेलीकॉप्टर और उसके साथ उड़ान भर रहे अत्याधुनिक लड़ाकू विमानों व अन्य हवाई जहाजों की अद्भुत गतिविधि देखी गई.
जैसे ही वायुसेना के विमानों के बेड़े ने क्षेत्र के आसमान में प्रवेश किया, उनकी तेज आवाज़ सुनकर बच्चे, युवा और बुजुर्ग सभी अपने-अपने घरों से बाहर निकल आए.आसमान में वायुसेना के विमानों की यह आवाजाही और करतब नागपुर, रामपुर, कजरिया, मंगराव, संगरॉव, हंकारपुर, उतड़ी तथा राजपुर सहित आसपास के दर्जनों गाँवों में साफ़ दिखाई दी.आसमान में एक साथ चिनूक हेलीकॉप्टर और लड़ाकू विमानों की गर्जना और उनकी उड़ान को देखना स्थानीय ग्रामीणों के लिए एक नया और अद्भुत अनुभव रहा.
विशेषकर बच्चों और बुजुर्गों के बीच यह नज़ारा पूरे दिन कौतूहल और चर्चा का विषय बना रहा.लोग उत्सुकता से एक-दूसरे से वायुसेना के इस अभ्यास और विमानों की विशेषताओं के बारे में बात करते नज़र आए.सीमावर्ती इलाका होने के कारण उत्तर प्रदेश और बिहार के इस क्षेत्र में भारतीय वायुसेना के विमानों की यह गश्त और गतिविधि सुरक्षा एवं नियमित युद्धाभ्यास के दृष्टिकोण से काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है.






