Slide
जीवन में हजारों लड़ाइयां जीतने से अच्छा है कि तुम स्वयं पर विजय प्राप्त कर लो : गौतम बुद्ध
previous arrow
next arrow
others

बक्सर ROB घोटाला? शुरू होते ही धंसा इटाढ़ी ओवरब्रिज, बिखर गया कंक्रीट

चार दिन भी नहीं झेल पाया बोझ, रेलवे फाटक बंद होने से शहर में महाजाम की स्थिति

नेशनल आवाज़ /बक्सर :- शहर को रेलवे फाटक के जाम से मुक्ति दिलाने का दावा करने वाला इटाढ़ी गुमटी बक्सर-बरूना रेलवे ओवरब्रिज (ROB) उद्घाटन के चंद दिनों बाद ही ‘हादसे का पुल’ बनता नजर आ रहा है. शुक्रवार की सुबह इस नवनिर्मित ओवरब्रिज में आई एक गंभीर तकनीकी खराबी ने इसके निर्माण कार्य की गुणवत्ता और विभागीय दावों की पोल खोलकर रख दी है.पुल के इटाढ़ी गुमटी की ओर स्थित पांचवें पिलर के ऊपर का स्लैब अचानक एक फुट से ज्यादा नीचे धंस गया, जिससे पुल की सतह पर एक डरावनी खाई जैसी दरार दिखने लगी. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और देखते ही देखते स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई.

​खिड़कियों की तरह दिखने लगीं सरियां, मानकों की अनदेखी का आरोप

​स्थानीय प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, शुक्रवार सुबह अचानक एक तेज आवाज के साथ स्लैब धंस गया और कंक्रीट की ऊपरी परत ताश के पत्तों की तरह बिखर गई.क्षतिग्रस्त हिस्से से बाहर झांक रही पतली और कमजोर सरियों को देखकर लोगों का गुस्सा भड़क उठा.ग्रामीणों ने कहा की करोड़ों रुपये पानी में बहा दिए गए. निर्माण के समय तय मानकों की जमकर अनदेखी की गई है. अगर कोई तेज रफ्तार वाहन इसकी चपेट में आता, तो कई जानें जा सकती थी. इस भ्रष्टाचार की उच्चस्तरीय जांच होनी ही चाहिए.

शहर की लाइफलाइन ठप, भारी वाहनों की नो-एंट्री से लगा महाजाम

​यह ओवरब्रिज बक्सर शहर के लिए बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा था.अभी महज चार दिन पहले ही नीचे स्थित इटाढ़ी रेलवे फाटक को हमेशा के लिए बंद किया गया था, ताकि लोग बिना रुके ऊपर से आ-जा सकें.लेकिन इस खराबी के बाद प्रशासन ने एहतियात के तौर पर पुल से बड़े और मालवाहक वाहनों के गुजरने पर तुरंत रोक लगा दी है.

​इसका सीधा असर बक्सर-इटाढ़ी मार्ग पर देखने को मिल रहा है. रूट डायवर्जन और संकरी सड़कों के कारण पूरे इलाके में वाहनों की लंबी कतारें लग गई हैं. मालवाहक ट्रकों के पहिए थमने से और लंबी दूरी के यात्रियों को रूट बदलने के कारण भारी फजीहत झेलनी पड़ रही है.

अब तकनीकी टीम की जांच पर टिकी निगाहें

​सड़क पर एक फीट का गड्ढा और धंसा हुआ स्लैब अब सीधे तौर पर निर्माण एजेंसी और संबंधित अधिकारियों को कटघरे में खड़ा कर रहा है. जिले के नागरिकों ने इस मामले में लीपापोती न करते हुए दोषी अधिकारियों और ठेकेदार पर सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है.मामले की गंभीरता को देखते हुए पटना से एक उच्चस्तरीय तकनीकी विशेषज्ञों की टीम (Technical Team) को निरीक्षण के लिए बुलाया जा रहा है.अब देखना यह है कि जांच टीम इस ‘सरकारी दरार’ के पीछे छिपे भ्रष्टाचार और तकनीकी लापरवाही का सच कब तक सामने लाती है.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button