पुण्यतिथि पर याद किए गए महात्मा ज्योतिबा फुले, बच्चों को बांटी गईं पुस्तकें


नेशनल आवाज़ /बक्सर :- नगर पंचायत स्थित सेवामंडल में शनिवार को महान समाज सुधारक महात्मा ज्योतिबा फुले की 136वीं पुण्यतिथि श्रद्धापूर्वक मनाई गई. कार्यक्रम की अध्यक्षता महिला अधिकार इकाई की प्रदेश उपाध्यक्ष सह संगठन प्रभारी चंदा चौरसिया ने की.कार्यक्रम की शुरुआत महात्मा ज्योतिबा फुले के तैलचित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर की गई.
इसके पश्चात उपस्थित लोगों ने उनके व्यक्तित्व और कृतित्व को याद करते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया. इस अवसर पर स्कूली बच्चों के बीच पठन-पाठन सामग्री के रूप में पुस्तकों का वितरण भी किया गया.सभा को संबोधित करते हुए चंदा चौरसिया ने कहा कि महात्मा ज्योतिबा फुले एक महान समाज सुधारक, शिक्षाविद् और महिला शिक्षा के प्रबल समर्थक थे.
उन्होंने समाज में व्याप्त छुआछूत, जातिगत भेदभाव और कुरीतियों के विरुद्ध आजीवन संघर्ष किया. महिलाओं और वंचित वर्गों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने में उनका योगदान सदैव अविस्मरणीय रहेगा. उन्होंने जोर देकर कहा कि फुले जी का मानना था कि शिक्षा ही सामाजिक बदलाव और समानता का सबसे सशक्त माध्यम है. बच्चों को पुस्तकें सौंपते हुए उन्होंने प्रेरित किया कि शिक्षा के माध्यम से ही वे अपना भविष्य उज्ज्वल बना सकते हैं और उनके विचारों को आत्मसात करना ही सच्ची श्रद्धांजलि होगी.इस मौके पर समाजसेवी जितेंद्र चौरसिया, पूर्व वार्ड पार्षद विजेंद्र प्रसाद चौरसिया, रवीश जायसवाल, हरगोविंद सिंह, समाजसेवी मनोज चौरसिया, सेवामंडल स्कूल के प्रधानाध्यापक सुरेश यादव सहित विद्यालय के सभी छात्र-छात्राएं उपस्थित थे.






