राजपुर पुलिस का बड़ा एक्शन: ढाई लाख के गांजे के साथ दो युवक गिरफ्तार


नेशनल आवाज़ /बक्सर :- मादक पदार्थो की तस्करी के खिलाफ राजपुर पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है.बक्सर-कोचस रोड पर बसही गांव के समीप से दो युवकों को भारी मात्रा में गांजे के साथ गिरफ्तार किया है. बरामद गांजे की कुल मात्रा 49.821 ग्राम लगभग 50 किलो बताई जा रही है, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत करीब ढाई लाख रुपये आंकी गई है.प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह पूरी कार्रवाई रविवार की शाम लगभग सात बजे हुई. दो युवक अलग-अलग बाइकों पर सवार होकर बक्सर-कोचस रोड से गुजर रहे थे.
दोनों के पास एक-एक काले रंग का बैग था.पुलिस को संदिग्ध स्थिति में देखकर जब दोनों को रोका गया, तो उन्होंने अपनी बातों से पुलिस टीम को चकमा देने का भरपूर प्रयास किया.जब पुलिस ने संदेह के आधार पर उनके बैगों की तलाशी ली, तो दोनों की कलई खुल गई. बैग के अंदर से भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ, जिसके बाद पुलिस दोनों तस्करों को तत्काल हिरासत में लेकर थाने ले आई.
थाने में दोनों से देर रात तक कड़ी पूछताछ की गई.इस अभियान को सफलतापूर्वक अंजाम देने में राजपुर थाना के एसआई शिव कुमार मंडल,सुभाष कुमार, जितेन्द्र सिंह के साथ-साथ पुलिस बल के कई अन्य जवान और अधिकारी शामिल रहे. जिन्होंने सूझबूझ से तस्करों को धर दबोचा.राजपुर थानाध्यक्ष निवास कुमार ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि गिरफ्तार किए गए दोनों युवक शातिर तस्कर हैं. उनकी पहचान राजपुर थाना क्षेत्र के रामपुर गांव निवासी चंद्रशेखर कुमार पिता अशोक राम एवं बक्सर नगर थाना क्षेत्र के गंगौली निवासी
कृष्ण कुमार उर्फ राजू ठाकुर पिता ललन ठाकुर के रूप में की गयी है.बरामद गांजे का शुद्ध वजन 50 किलो से महज कुछ ग्राम कम है, जबकि बैग समेत इसका कुल वजन 50 किलो से ज्यादा बैठ रहा था. फिलहाल यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि तस्कर गांजे की इतनी बड़ी खेप कहां से लाए थे और इसे कहां डिलीवर किया जाना था.पुलिस इस पूरे मामले का नेटवर्क खंगाल रही है और आज सोमवार को इस संबंध में मीडिया के साथ विस्तृत जानकारी और साक्ष्य साझा किए जाएंगे.






