लापता मजदूर का बंद बोरिंग में मिला शव, करंट लगाकर हत्या का आरोप, आरोपी गिरफ्तार

नेशनल आवाज़ /बक्सर :- बगेन गोला थाना क्षेत्र के एकरासी गांव में पिछले दो दिनों से लापता एक मजदूर का शव सोमवार को एक बंद पड़े बोरिंग के कमरे से बरामद हुआ.शव मिलने की सूचना फैलते ही पूरे इलाके में सनसनी फैल गई. घटना से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने हत्या का आरोप लगाते हुए बगेन चौक के पास मुख्य सड़क को करीब डेढ़ घंटे तक जाम रखा, जिससे आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मृतक की पत्नी के बयान पर नामजद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.
परिजनों ने लगाया करंट लगाकर हत्या का आरोप
मृतक की पहचान एकरासी गांव निवासी 40 वर्षीय प्रवेश मुसहर (पिता- प्रेमा मुसहर) के रूप में हुई है.परिजनों के अनुसार, प्रवेश गांव के ही मनन चौधरी के यहां मजदूरी करता था.दो दिन पहले वह घर से काम के लिए निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा.काफी खोजबीन के बाद सोमवार सुबह जब परिजन तलाश करते हुए मनन चौधरी के बधार स्थित बंद पड़े बोरिंग के पास पहुंचे, तो वहां से तेज दुर्गंध आ रही थी.बोरिंग के कमरे का दरवाजा बाहर से बंद था.ताला तोड़कर जब अंदर देखा गया, तो प्रवेश का शव पड़ा हुआ था.परिजनों ने मनन चौधरी पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि वह प्रवेश से जबरन मजदूरी करा रहा था.विरोध करने पर बिजली का करंट लगाकर उसकी हत्या कर दी गई. परिजनों का दावा है कि मृतक की जांघ पर जलने के निशान मिले हैं, जो हत्या की आशंका को पुख्ता करते हैं..
सड़क जाम कर जताया विरोध, तीन थानों की पुलिस पहुंची
घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने शव मिलने के बाद बगेन चौक के समीप मुख्य सड़क को जाम कर दिया.जाम के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं.मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए बगेन गोला थाना पुलिस के साथ-साथ मुरार और ब्रह्मपुर थाने की पुलिस भी मौके पर पहुंच गई.वरीय अधिकारियों ने आक्रोशित लोगों को निष्पक्ष जांच और त्वरित कार्रवाई का भरोसा दिलाया, जिसके बाद करीब डेढ़ घंटे बाद जाम समाप्त हो सका.
आरोपी गिरफ्तार, जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने मृतक की पत्नी सीता देवी के बयान पर मुख्य आरोपी मनन चौधरी के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की और उसे तत्काल गिरफ्तार कर लिया.
क्या कहते हैं अधिकारी
बगेन गोला थाना क्षेत्र में एक मजदूर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है.मृतक की पत्नी के बयान पर नामजद आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है.पोस्टमार्टम रिपोर्ट, घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्य और तकनीकी पहलुओं के आधार पर मामले की गहन जांच की जा रही है. — पोलस्त कुमार, एसडीपीओ, डुमरांव






