बक्सर में उपचार-चिकित्सा आपके द्वार अभियान की हुई शुरुआत,8.19 लाख लोगों की होगी स्वास्थ्य स्क्रीनिंग


नेशनल आवाज़ /बक्सर :- जिला स्वास्थ्य समिति द्वारा गैर-संचारी रोगों की रोकथाम हेतु ‘स्वस्थ बक्सर, समृद्ध बक्सर’ के संकल्प के साथ जाँच एवं उपचार-चिकित्सा आपके द्वार अभियान की औपचारिक शुरुआत की गई. 02 सितम्बर से 30 नवम्बर 2026 तक चलने वाले इस 90 दिवसीय विशेष अभियान का राज्य स्तरीय उद्घाटन मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी द्वारा पटना से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से किया गया. समाहरणालय सभाकक्ष से इस वर्चुअल उद्घाटन समारोह में उप विकास आयुक्त, सिविल सर्जन सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहे.
इस अभियान के तहत जिले के 30 वर्ष से अधिक उम्र वाले लगभग 8.19 लाख नागरिकों की स्वास्थ्य जाँच का विशाल लक्ष्य रखा गया है.अभियान के अंतर्गत चिन्हित कुल 182 स्वास्थ्य संस्थानों के माध्यम से यह सेवा प्रदान की जाएगी. गैर-संचारी रोगों जैसे मधुमेह , उच्च रक्तचाप और कैंसर की निःशुल्क प्राथमिक जाँच एवं इलाज की सुविधा घर-घर और नजदीकी केंद्रों पर उपलब्ध रहेगी.
जिले के सुदूर ग्रामीण इलाकों तक लोगों को स्वास्थ्य परीक्षण के प्रति जागरूक करने के लिए विशेष प्रचार रथ रवाना किए जाएंगे.डीएम ने कहा गैर-संचारी रोगों की समय पर पहचान ही इसके प्रभावी उपचार की कुंजी है. जिला प्रशासन अभियान के शत-प्रतिशत सफल क्रियान्वयन हेतु पूरी तरह प्रतिबद्ध है. उन्होंने सभी जिलेवासियों से आगे आकर जाँच कराने की अपील की. सिविल सर्जन ने कहा जिला अस्पताल से लेकर सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों की पूरी स्वास्थ्य टीम को अलर्ट मोड पर रखा गया है. निर्धारित लक्ष्य को हासिल करने के लिए सूक्ष्म कार्ययोजना तैयार कर ली गई है. सभी स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं, ANM और आशा कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी सौंपी गई है.







