स्वच्छ एवं प्रदूषण रहित ऊर्जा का करें उपयोग बिजली बिल की होगी बचत :डीएम


नेशनल आवाज़ / बक्सर :- जिले में सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने और पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के प्रति जन-जागरूकता फैलाने के लिए नगर भवन में ‘सौर मेले’ का आयोजन किया गया. डीएम साहिला ने “सोलर रथ” को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया.सोलर ऊर्जा के क्षेत्र में जिले को अग्रणी बनाने के लिए जिलाधिकारी द्वारा मिशन प्रभाकिरण की शुरुआत की गई.उन्होंने जिले के सभी नागरिकों, जनप्रतिनिधियों और वार्ड पार्षदों से अपील किया कि वे अपने घरों की छतों पर सोलर पैनल लगवाएं और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें.
डीएम ने योजना के फायदे बताते हुए कहा कि छतों पर सोलर पैनल स्थापित करने से स्वच्छ व प्रदूषण रहित ऊर्जा का उत्पादन तो होगा ही, साथ ही बिजली बिल में भी भारी बचत होगी.कार्यक्रम के दौरान पीएम सूर्य घर योजना के क्रियान्वयन में उत्कृष्ट कार्य करने वाले मीटर रीडर्स एवं सुपरवाइजर्स को डीएम द्वारा प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया. मेले में आए लोगों ने सोलर वेंडर्स और संबंधित अधिकारियों से सौर ऊर्जा प्रणाली, स्थापना प्रक्रिया और सरकारी सब्सिडी के विषय में विस्तृत जानकारी प्राप्त की.
इस अवसर पर डीडीसी निहारिका छवि , मुख्य अभियंता SBPDCL पटना, विद्युत अधीक्षण अभियंता (आरा), कार्यपालक अभियंता (बक्सर), बैंक अधिकारी, बक्सर व डुमराँव के वार्ड पार्षद, नगर अध्यक्ष, पंचायतों के मुखिया तथा सोलर वेंडर्स समेत कई वरीय अधिकारी उपस्थित रहे.







