नाबालिग छात्रा से दुष्कर्म मामले में आरोपी शिक्षक गिरफ्तार, एचएम समेत तीन पर पास्को में प्राथमिकी दर्ज


नेशनल आवाज़ /बक्सर :- जिले में नाबालिग छात्रा से दुष्कर्म के आरोप एवं कथित वीडियो वायरल होने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है.कृष्णाब्रह्म थाना क्षेत्र के नथुनी अहीर डेरा स्थित सरकारी विद्यालय से जुड़े इस मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी शिक्षक अरविंद कुमार को गिरफ्तार कर लिया है. गिरफ्तारी की पुष्टि पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य ने की है. पुलिस आरोपी को कड़ी सुरक्षा के बीच थाने लाकर पूछताछ कर रही है.
इस मामले में विद्यालय के प्रधानाध्यापक मू. इमाम अली अंसारी, शिक्षक अरविंद कुमार और शिक्षक बीरेंद्र कुमार के खिलाफ नाबालिग से जुड़े गंभीर आरोपों में पाक्सो एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है.मामले की जांच कई स्तरों पर की जा रही है.एक अन्य शिक्षक समेत कई लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ किए जाने की भी बात सामने आई है.एक आरोपी अभी पुलिस की पकड़ से बाहर है.मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य स्वयं कृष्णाब्रह्म थाना पहुंचे और पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली.
इसके बाद पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी और कथित वीडियो से जुड़े साक्ष्यों की तलाश को लेकर कार्रवाई तेज कर दी.मुख्य आरोपी शिक्षक अरविंद कुमार की गिरफ्तारी के लिए रातभर संभावित ठिकानों पर छापेमारी की गई. इसके बाद उसे गिरफ्तार किया गया. पुलिस अब दूसरे आरोपी शिक्षक की गिरफ्तारी के लिए भी लगातार छापेमारी कर रही है. एसपी शुभम आर्य ने गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए कहा है कि मामले में पुलिस की कार्रवाई जारी है और फरार आरोपी को भी जल्द गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है.







