देवढ़िया में झोपड़ीनुमा मकान में लगी आग, हजारों की संपत्ति जलकर राख

नेशनल आवाज़ /बक्सर :- राजपुर थाना क्षेत्र के देवढ़िया गांव के वार्ड नंबर तीन में बीती रात अचानक लगी आग से एक गरीब परिवार का आशियाना उजड़ गया. हादसे में अलगू राम के झोपड़ीनुमा घर में रखा कपड़ा, अनाज, पशु चारा और अन्य कीमती सामान जलकर राख हो गया. पीड़ित परिवार के अनुसार हादसे में हजारों रुपये का नुकसान हुआ है.मिली जानकारी के अनुसार, रात में खाना खाने के बाद परिवार के सभी सदस्य गहरी नींद में सो रहे थे.
इसी दौरान कहीं से उठी चिंगारी ने धीरे-धीरे पूरी झोपड़ी को अपनी आगोश में ले लिया.जब तक किसी की नज़र पड़ती, आग ने विकराल रूप धारण कर लिया था.आग की लपटें और धुआं उठता देख आसपास के लोग मौके की ओर दौड़े और शोर मचाना शुरू किया.चीख-पुकार सुनकर एकत्र हुए दर्जनों ग्रामीणों ने तत्परता दिखाई. पास में लगे समरसेबल पंपों को चालू कर कड़ी मशक्कत के बाद घंटों में आग पर काबू पाया गया, जिससे बड़ा हादसा होने से टल गया.घटना के बाद पीड़ित परिवार खुले आसमान नीचे आ गया है.
स्थानीय समाजसेवी धर्मेंद्र राम एवं अन्य ग्रामीणों ने अंचल प्रशासन से घटना का संज्ञान लेते हुए पीड़ित परिवार को तुरंत उचित आर्थिक सहायता और आपदा राहत योजना के तहत मुआवजा देने की मांग की है.







