राजपुर विधायक ने मुख्य सचिव से की मुलाकात, क्षेत्र की प्रमुख सड़कों के जीर्णोद्धार और धनसोई बाईपास के निर्माण की उठाई मांग

नेशनल आवाज़ /बक्सर :- राजपुर विधानसभा क्षेत्र के समग्र विकास, बेहतर आवागमन और मजबूत आधारभूत संरचना को लेकर विधायक संतोष कुमार निराला लगातार प्रयासरत हैं.इसी क्रम में उन्होंने पटना स्थित मुख्य सचिवालय में बिहार के मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत जी से औपचारिक मुलाकात की और एक मांग पत्र सौंपा. इस पत्र के माध्यम से उन्होंने राजपुर क्षेत्र की कई महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं और विकास कार्यों की ओर मुख्य सचिव का ध्यान आकृष्ट कराया.
विधायक ने क्षेत्र की प्रमुख जीवनरेखा मानी जाने वाली सड़कों में चौसा राजपुर कोचस मुख्य मार्ग, बक्सर इटाढ़ी धनसोई दिनारा मुख्य मार्ग तथा सांथ गोपपुर दिनारा नहर सर्विस रोड के जीर्णोद्धार एवं कालीकरण का मुद्दा मजबूती से उठाया.उन्होंने इन महत्वपूर्ण सड़कों की स्थिति में सुधार के लिए अविलंब आवश्यक प्रशासनिक व तकनीकी पहल करने का आग्रह किया.इसके अलावा धनसोई बाईपास सड़क के निर्माण कार्य को तेजी से आगे बढ़ाने की बात कही.
उन्होंने मुख्य सचिव को अवगत कराया कि इस परियोजना को पूर्व में ही स्वीकृति मिल चुकी है. इसलिए इससे जुड़ी शेष आवश्यक प्रक्रियाओं और कागजी औपचारिकताओं को शीघ्र पूर्ण कराकर निर्माण कार्य शुरू कराया जाए, ताकि आम जनता को ट्रैफिक की समस्या से निजात मिल सके.मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत ने विधायक द्वारा उठाए गए सभी विषयों को गंभीरता से सुना और राजपुर विधानसभा क्षेत्र से जुड़े इन जनहित के विकास कार्यों पर त्वरित व सकारात्मक कार्रवाई करने का पूर्ण आश्वासन दिया.






