राजपुर में चक्रवात का असर,आंधी पानी से कई जगह गिरे पेड़, बिजली आपूर्ति ठप
नेशनल आवाज़ /बक्सर :- राजपुर प्रखंड क्षेत्र में पिछले दो दिनों से मौसम ने अचानक भयानक करवट ली है. क्षेत्र में चक्रवात का असर साफ तौर पर देखने को मिल रहा है. शुक्रवार की शाम से ही चल रही तेज हवाओं के कारण कई स्थानों पर बड़े-बड़े पेड़ उखड़कर गिर गए हैं, वहीं कई जगहों पर बिजली के तार भी टूट चुके हैं. इससे क्षेत्र में जान-माल के नुकसान का खतरा लगातार बना हुआ है.तेज आंधी और बारिश की शुरुआत होते ही बिजली आपूर्ति ठप कर दी गई.
खबर लिखे जाने तक पिछले 20 घंटों से राजपुर और इसके आसपास के ग्रामीण इलाकों में पूरी तरह अंधेरा छाया हुआ है.सुबह में घरों तक पेयजल भी नहीं पहुंच पाया है. पशुओं को चारा पानी में भी परेशानी हो रही है.अधिकतर घरों का चापाकल खराब होने से पेयजल की समस्या बनी हुई है.मिली जानकारी के अनुसार, जलहरा के पास हाईटेंशन तार टूट जाने से आपूर्ति बाधित हुई है.
इसके अलावा भी कई अन्य स्थानों पर फॉल्ट और तार टूटने की शिकायतें सामने आई हैं.इस संबंध में विद्युत कनीय अभियंता अजीत कुमार ने बताया कि विद्युत आपूर्ति बहाल करने के लिए मरम्मत का कार्य युद्ध स्तर पर जारी है. रुक-रुक कर चल रही तेज हवाओं के कारण कार्य में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. उन्होंने भरोसा दिया है कि जल्द ही सभी समस्याओं को दुरुस्त कर बिजली सेवा बहाल कर दी जाएगी.






