निगरानी टीम की बड़ी कार्रवाई, ब्रह्मपुर थाना के दरोगा घूस के साथ रंगे हाथ गिरफ्तार


नेशनल आवाज़ /बक्सर :- जमीन विवाद में प्राथमिकी दर्ज होने के बाद भी कार्रवाई न करने और केस आगे बढ़ाने के नाम पर रिश्वत मांगने वाले एक दरोगा को निगरानी विभाग की टीम ने रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया है. ब्रह्मपुर थाने में तैनात सब-इंस्पेक्टर (एसआई) नीरज कुमार को शुक्रवार को 50,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए पकड़ा गया.इस कार्रवाई से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है.प्राप्त जानकारी के अनुसार, बलुआ गांव के निवासी परिवादी अमरनाथ यादव ने जमीन के सिलसिले में रमेश सिंह को चार लाख रुपये दिए थे.
तय समय में रकम वापस न मिलने और पैसे लौटाने से इनकार करने पर अमरनाथ यादव ने ब्रह्मपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी. इस मामले के अनुसंधान की जिम्मेदारी एसआई नीरज कुमार को सौंपी गई थी. परिवादी का आरोप है कि प्राथमिकी दर्ज होने के एक महीने बाद भी कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई और उल्टे केस में कार्रवाई करने के एवज में 50 हजार रुपये की रिश्वत मांगी गई.इसके बाद पीड़ित ने हार मानकर निगरानी विभाग में शिकायत दर्ज कराई.
निगरानी टीम ने बिछाया जाल
निगरानी विभाग के डीएसपी विनोद कुमार ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद आरोपों की गुप्त रूप से जांच कराई गई. मामला सत्य पाए जाने पर निगरानी थाना में कांड संख्या 124/26 दर्ज किया गया और 16 सदस्यीय टीम का गठन किया गया.शुक्रवार को तय रणनीति के तहत जैसे ही परिवादी ने दरोगा नीरज कुमार को रिश्वत के 50 हजार रुपये सौंपे, निगरानी की टीम ने उन्हें दबोच लिया.गिरफ्तारी के बाद आरोपी को राष्ट्रीय राजमार्ग के पास स्थित एक निजी होटल में ले जाकर पूछताछ की गई और कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद टीम उन्हें पटना ले गई.






