रिस्ता हुआ शर्मसार, बड़े भाई ने छोटे भाई को मारी गोली



नेशनल आवाज़ /बक्सर :- जिले के सोनवर्षा थाना क्षेत्र के मणियां गांव से एक बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाली खबर सामने आई है, जहाँ मामूली पारिवारिक विवाद ने एक हँसते-खेलते परिवार को उजाड़ दिया.मंगलवार की सुबह जिस भाई की हिफाजत का वादा बड़े भाई को करना चाहिए था, उसी बड़े भाई चंदन शर्मा ने अपने छोटे भाई 33 वर्षीय अमित शर्मा की गोली मारकर बेरहमी से हत्या कर दी.
दोनों भाई पुणे में सेंट्रिंग का ठेका लेकर मेहनत-मजदूरी करते थे, लेकिन कौन जानता था कि आपसी कहासुनी खून के रिश्ते को इस तरह से तार-तार कर देगी.घटना के वक्त मामूली बात पर शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ा कि बड़े भाई ने आव देखा न ताव, और देसी कट्टा निकालकर अमित के जबडे के नीचे गोली दाग दी.गोली की गूंज से जहाँ एक तरफ सन्नाटा पसर गया, वहीं अमित पलभर में जमीन पर ढेर हो गए और मौके पर ही उनकी दर्दनाक मौत हो गई. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी चंदन कट्टा वहीं फेंककर फरार हो गया.
इस घटना के बाद से पूरे इलाके में मातम पसरा है और परिवार वालों का रो-रोकर बुरा हाल है. सूचना मिलते ही सोनवर्षा थाने की पुलिस मौके पर पहुँची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेंज दिया है. थानाध्यक्ष राजीव रंजन ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है. खून के रिश्तों का इस तरह कत्ल होना समाज को झकझोर देने के लिए काफी है.






