कांग्रेस ने इटाढ़ी आरओबी धंसने के मामले में उच्चस्तरीय जांच एवं कार्रवाई की उठायी मांग


नेशनल आवाज़ /बक्सर :- नगर के इटाढ़ी रेलवे ओवरब्रिज में दरार आने के बाद राजनीतिक पारा भी ऊपर चढ़ने लगा है.लगभग ₹26.40 करोड़ की लागत से बने इटाढ़ी रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) का हिस्सा उद्घाटन के महज दो सप्ताह के भीतर क्षतिग्रस्त होने पर बक्सर जिला कांग्रेस कमेटी के पूर्व जिलाध्यक्ष डॉ. मनोज पांडेय ने गहरा आक्रोश व्यक्त किया है. उन्होंने इस घटना को सरकारी धन का दुरुपयोग और घटिया निर्माण का बड़ा उदाहरण बताते हुए पूरे मामले की उच्चस्तरीय और निष्पक्ष तकनीकी जांच की मांग की है.डॉ. पांडेय ने भारत सरकार, बिहार सरकार और बक्सर के जिलाधिकारी से अपील की है कि पुल निर्माण में इस्तेमाल हुई सामग्री सरिया, सीमेंट आदि की जांच की जाए और निर्माण की निगरानी करने वाले अधिकारियों व ठेकेदार एजेंसी की जवाबदेही तय कर उनके खिलाफ कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाए.
उन्होंने बिहार में लगातार हो रहे पुल हादसों को भ्रष्टाचार और कमीशनखोरी का नतीजा बताया.इन्होंने स्थानीय सांसद सुधाकर सिंह और सदर विधायक आनंद मिश्रा से इस मुद्दे को लोकसभा व विधानसभा में उठाने का आग्रह किया है.इस गंभीर मामले को राष्ट्रीय स्तर पर उठाने के लिए वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं के संयुक्त हस्ताक्षर वाला एक पत्र लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को भेजा गया है.मांग पत्र पर डॉ. प्रमोद ओझा, विनय कुमार सिंह, विनोद मौर्य, संजय कुमार पांडेय सहित दर्जनों कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हस्ताक्षर कर दोषियों पर त्वरित और विधिसम्मत कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो.






