Slide
जीवन में हजारों लड़ाइयां जीतने से अच्छा है कि तुम स्वयं पर विजय प्राप्त कर लो : गौतम बुद्ध
previous arrow
next arrow
crime

बक्सर में वारंटी को पकड़ने गई टीम पर पथराव व लाठी-डंडों से वार, एसआई का हाथ टूटा

नेशनल आवाज़ /बक्सर :- नगर थाना क्षेत्र के बुधनपुरवा मोहल्ले में बुधवार को उस समय अफरा-तफरी और भगदड़ मच गई, जब एक वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार करने गई नगर थाना पुलिस की टीम पर बेखौफ अपराधियों और उनके समर्थकों ने जानलेवा हमला कर दिया. छतों से हुए अंधाधुंध पथराव और लाठी-डंडों से किए गए वार में दो पुलिस अधिकारी गंभीर रूप से घायल हो गए हैं. इस घटना के बाद पूरे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है.

कोर्ट से जारी वारंट पर कार्रवाई करने पहुंची थी पुलिस

​जानकारी के अनुसार, नगर थाना पुलिस की एक विशेष टीम पूर्व में हुए एक चर्चित फायरिंग मामले में फरार चल रहे वारंटी सोनू यादव पिता- ललन यादव की गिरफ्तारी के लिए बुधनपुरवा मोहल्ले में उसके ठिकाने पर पहुंची थी.पुलिस टीम जैसे ही अभियुक्त को हिरासत में लेने की कार्रवाई शुरू की, वैसे ही घर के परिजनों और स्थानीय समर्थकों ने पुलिस का तीखा विरोध करना शुरू कर दिया.

छतों से बरसे पत्थर, लाठी-डंडों से हमला

​देखते ही देखते विरोध हिंसा में बदल गया.आरोप है कि उपद्रवियों ने मकान की छतों से पुलिस बल पर अचानक पत्थरों की बौछार कर दी और लाठी-डंडों से हमला बोल दिया.अचानक हुए इस अप्रत्याशित हमले में पुलिसकर्मियों को संभलने का मौका तक नहीं मिला.​इस हिंसक हमले में नगर थाना में पदस्थापित सब इंस्पेक्टर धीरज कुमार का हाथ टूट गया, जबकि एएसआई अजय कुमार को भी गंभीर चोटें आई.

सदर अस्पताल में प्राथमिक उपचार, हायर सेंटर रेफर

​घटना के बाद घायल पुलिसकर्मी किसी तरह जान बचाकर वहां से भाग निकले और सदर अस्पताल पहुंचे. डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद एएसआई अजय कुमार की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया है, जबकि सब इंस्पेक्टर धीरज कुमार का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है.

पूर्व में भी विवादों में रहा है आरोपित सोनू यादव

​सूत्रों के अनुसार, आरोपित सोनू यादव का नाम पहले भी नगर परिषद द्वारा अहिरौली में कराए जा रहे गली निर्माण कार्य के दौरान हुए विरोध और फायरिंग की घटना में सामने आ चुका है. बताया जाता है कि वह अपने एक रिश्तेदार के साथ मिलकर नगर परिषद में ठेकेदारी का काम भी देखता है.

पुलिस महकमे में हड़कंप, इलाके में भारी बल तैनात

​घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया. पूरे बुधनपुरवा इलाके को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके से कुछ युवकों को हिरासत में लिया है, जिनसे पूछताछ की जा रही है.नगर थानाध्यक्ष मनोज कुमार ने बताया की फायरिंग मामले के वारंटी की गिरफ्तारी के दौरान पुलिस टीम पर हमला हुआ है, जिसमें हमारे दो अधिकारी घायल हुए हैं. इस संबंध में संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. हमलावरों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है. कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button