द एआरसी स्कूल में छात्रों का सम्मान के साथ हुई विदाई, शिक्षकों ने परीक्षा में सफल होने का दिया टिप्स


नेशनल आवाज़/बक्सर : नगर पंचायत चौसा स्थित द-एआरसी स्कूल परिसर में कक्षा दसवीं के छात्र-छात्राओं के लिए विदाई समारोह का आयोजन शुक्रवार को किया गया. कार्यक्रम का माहौल उत्साह और भावनाओं से भरा रहा. इस दौरान विद्यालय के निदेशक सरफ़राज़ खान ने सभी छात्रों को मोमेंटो और उपहार देकर सम्मानित किया तथा उनके उज्ज्वल एवं मंगलमय भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं. उन्होंने कहा कि आज के बाद बच्चे केवल विद्यालय से विदा हो रहे हैं, उनकी शैक्षणिक यात्रा निरंतर जारी रहेगी. प्रत्येक विद्यार्थी का अपना लक्ष्य और महत्वाकांक्षा होती है.
जिसे पूरे मनोयोग और समर्पण के साथ पूरा करना चाहिए. जीवन में कहीं भी रहें, मेहनत और ईमानदारी को सदैव प्राथमिकता दें, यही आपको सफलता की ओर ले जायेगी. इस दौरान शिक्षक आशुतोष मिश्र, सुजीत चौरसिया, वीरेंद्र उपाध्याय, सुहैल सिद्दीकी एवं अन्य शिक्षकों ने विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उन्हें हमेशा नैतिक मूल्यों और शिक्षा को अपने जीवन में आगे बढ़ते रहना चाहिए, ताकि उनका जीवन सफल होने के साथ-साथ जनकल्याणकारी भी बने.
उन्होंने कहा कि विद्यालय सामाजिक संरचना के निर्माण का प्रथम सोपान होता है, जो आगे चलकर एक सशक्त, सभ्य और शिक्षित समाज की नींव रखता है. इस अवसर पर कक्षा नौवीं एवं आठवीं के छात्र-छात्राओं ने कक्षा दसवीं के विद्यार्थियों को उपहार भेंट किए और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की. कार्यक्रम के दौरान दसवीं के छात्र-छात्राएं अपने विद्यालय में बिताये गये पलों को याद कर भावुक हो उठे और वातावरण भाव-विभोर हो गया.






