शहादत पर याद किए गए भगत सिंह, राजगुरु एवं सुखदेव, भगत सिंह के रास्ते चलने का किया आह्वान


नेशनल आवाज़ /बक्सर :- नगर के जिला कांग्रेस कमिटी कार्यालय में सोमवार को जिला अध्यक्ष डॉ. मनोज पांडेय की अध्यक्षता में महान क्रांतिकारी भगत सिंह, सुखदेव थापर एवं शिवराम राजगुरु के शहीद दिवस के अवसर पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई. जिला अध्यक्ष डॉ. मनोज पांडेय ने अपने संबोधन में कहा कि 23 मार्च 1931 का दिन भारतीय इतिहास में एक अमर गाथा के रूप में दर्ज है, जब इन तीनों वीर सपूतों ने देश की स्वतंत्रता के लिए हंसते-हंसते अपने प्राणों की आहुति दे दी.
उनका बलिदान केवल उस समय के लिए नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए भी एक अमिट प्रेरणा है.उन्होंने कहा कि भगत सिंह केवल एक क्रांतिकारी नहीं, बल्कि एक महान विचारक भी थे, जिन्होंने अपने विचारों और साहस से पूरे देश के युवाओं में नई चेतना का संचार किया.उनका “इंकलाब जिंदाबाद” का नारा आज भी देशभक्ति और अन्याय के खिलाफ संघर्ष का प्रतीक है.
डॉ. पांडेय ने आगे कहा कि सुखदेव थापर और शिवराम राजगुरु का योगदान भी उतना ही महान और प्रेरणादायक है.इन तीनों वीरों की देशभक्ति, साहस और समर्पण हमें यह सिखाता है कि राष्ट्रहित सर्वोपरि होता है और उसके लिए हर प्रकार का त्याग छोटा होता है.उन्होंने उपस्थित कार्यकर्ताओं और युवाओं से आह्वान किया कि वे इन महान शहीदों के आदर्शों को अपने जीवन में उतारें और देश की एकता, अखंडता तथा लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए सदैव तत्पर रहें.
आज के समय में जरूरत है कि हम सभी मिलकर सामाजिक समरसता, भाईचारा और राष्ट्र निर्माण के कार्यों को आगे बढ़ाएं. इन अमर शहीदों का सपना एक मजबूत, समृद्ध और न्यायपूर्ण भारत का था, जिसे साकार करने की जिम्मेदारी हम सभी की है. हमें उनके बलिदान को व्यर्थ नहीं जाने देना है, बल्कि उनके दिखाए मार्ग पर चलकर देश को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाना है.
उक्त कार्यक्रम में जिला ओबीसी कांग्रेस प्रकोष्ठ के अध्यक्ष विनोद मौर्य,अजय यादव, बबन तुरहा, राकेश यादव,इम्तियाज़ खान सहित अन्य लोग मौजूद होकर नमन किया.






