फिंगरप्रिंट क्लोनिंग से पैसा उड़ाने वाला साइबर ठग गिरफ्तार

नेशनल आवाज़ /बक्सर :- राजपुर प्रखंड के कटरिया गांव से पुलिस ने साइबर ठग को गिरफ्तार किया है.जिसकी पहचान मनुजी पाल,पिता विंध्याचल पाल के रूप में हुई है. आरोपी ग्राहकों से विभिन्न बहानों से अंगूठा लगवाकर उनके बैंक खातों में सेंधमारी कर पैसे उड़ा लेता था.यह तकनीकी रूप से भोले-भाले ग्रामीणों को अपना शिकार बनाता था.
इस गिरोह की गतिविधियों का खुलासा तब हुआ जब ग्राम हुड़रही निवासी गायत्री देवी ने अपने साथ हुई धोखाधड़ी के खिलाफ राजपुर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई. 03 दिसंबर 2025 को पीड़ित महिला के आवेदन पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की थी.तकनीकी जांच और साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने छापेमारी कर मनुजी पाल को दबोच लिया.थानाध्यक्ष निवास कुमार ने अपील किया की किसी भी अनजान व्यक्ति या संदिग्ध बैंकिंग प्रतिनिधि को अपना बायोमेट्रिक (अंगूठा) न दें. यदि आपके खाते से अनाधिकृत रूप से पैसे कटते हैं, तो तुरंत नजदीकी थाने को सूचित करें.पुलिस अब इस मामले में यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस गिरोह में और कितने लोग शामिल हैं और अब तक कितने लोगों को निशाना बनाया गया है.






