बिजली संकट से त्रस्त कोनौली के ग्रामीणों ने विभाग के खिलाफ खोला मोर्चा, दफ्तर का किया घेराव


नेशनल आवाज़ /बक्सर :- राजपुर प्रखंड के कोनौली गांव के ग्रामीणों ने विगत दस दिनों से बिजली सप्लाई बंद होने से बिजली विभाग के खिलाफ आक्रोश जताया. गांव के ग्रामीण विजेंद्र सिंह के नेतृत्व में गांव के सैकड़ो महिला एवं पुरुषों ने जलहरा एवं राजपुर बिजली विभाग के कार्यालय के पास पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया.गांव के ग्रामीणों ने बताया कि कोनौली गांव में दूसरे मोहल्ले के पुल से कुशवाहा बस्ती तक जाने के लिए जर्जर बिजली के तार एवं खम्भे हैं.जिसे कई बार बिजली विभाग को आवेदन देने के बाद भी इसमें सुधार नहीं किया गया. एक ट्रांसफार्मर होने से उस पर अधिक लोड हो जाता है.
जो हर समय खराब रहता है. विगत दिनों क्षेत्र में आई तेज आंधी पानी के बाद वह जर्जर तार एवं पोल टूट कर पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया है.जिससे बिजली आपूर्ति बाधित हो गई है.उमस भरी गर्मी में लोगों का रहना काफी मुश्किल हो गया है.अधिकतर घरों में लगा सादा चापाकल पूरी तरह से बंद है. समय पर बिजली नहीं रहने से पशुओं को चारा पानी के अलावा गांव के ग्रामीणों को पेयजल के लिए काफी परेशानी झेलनी पड़ रही है.बहुत कम समय के लिए बिजली मिलता है.
लो वोल्टेज होने की वजह से कोई भी काम संभव नहीं है. जब ग्रामीणों ने विद्युत कनीय अभियंता से बात किया तो इन्होंने भरोसा दिया कि जर्जर तार एवं बिजली के खम्भे को शीघ्र ही बदल दिए जाएंगे. ट्रांसफार्मर के लिए वरीय पदाधिकारी को सूचित किया जाएगा. इस दौरान गांव के ग्रामीण मोतीलाल सिंह, अखिलेश सिंह, लकी बाबा, अंगद सिंह,विनोद सिंह,बकेस सिंह, अभय सिंह, मंटू सिंह, विजय सिंह, सुमित कुमार सिंह,ललन शर्मा,संजय शर्मा,गजेंद्र सिंह,सूबेदार सिंह,जितेंद्र शर्मा के अलावे अन्य महिला एवं पुरुष मौजूद रहे.






