केपीएल नाइट क्रिकेट टूर्नामेंट में बलिया 38 रन पर ढेर, 5 ओवर में जीता औरंगाबाद


नेशनल आवाज़ / बक्सर :- जिले के कमरपुर में प्रीमियम लीग (KPL) के तहत आयोजित तीन दिवसीय नाइट क्रिकेट टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में बिहार की औरंगाबाद टीम ने धमाकेदार प्रदर्शन किया है.टूर्नामेंट का उद्घाटन मुख्य अतिथि पूर्व कांग्रेस जिलाध्यक्ष व वरिष्ठ नेता डॉ. मनोज पांडेय तथा कांग्रेस ओबीसी प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष विनोद कुमार मौर्य ने संयुक्त रूप से खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया.खिलाड़ियों को खेल भावना के लिए प्रेरित करते हुए डॉ. मनोज पांडेय ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में ऐसे आयोजन युवाओं को आगे बढ़ने का बेहतरीन अवसर देते हैं. खेल से न केवल शारीरिक-मानसिक विकास होता है, बल्कि अनुशासन और टीम भावना भी मजबूत होती है.
वहीं विनोद कुमार मौर्य ने कहा कि इन आयोजनों से ग्रामीण प्रतिभाओं को एक बड़ा मंच मिलता है और समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है.मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी बलिया की टीम औरंगाबाद के अनुशासित और धारदार गेंदबाजी आक्रमण के आगे ताश के पत्तों की तरह बिखर गई. निर्धारित 10 ओवरों के इस मैच में बलिया की पूरी टीम महज 38 रनों पर ही सिमट गई.औरंगाबाद के गेंदबाजों ने शुरुआत से ही शिकंजा कसे रखा और बलिया के बल्लेबाजों को खुलकर खेलने का कोई मौका नहीं दिया.
जीत के लिए मिले 39 रनों के छोटे से लक्ष्य का पीछा करने उतरी औरंगाबाद की टीम ने शुरू से ही आक्रामक रुख अपनाया. ताबड़तोड़ बल्लेबाजी के दम पर टीम ने महज 5 ओवरों में ही लक्ष्य हासिल कर मैच अपने नाम कर लिया. औरंगाबाद की इस शानदार और एकतरफा जीत पर स्टेडियम में मौजूद दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ खिलाड़ियों का जोरदार उत्साहवर्धन किया.
इस मौके पर बक्सर जिला किसान प्रकोष्ठ के अध्यक्ष संजय कुमार पांडेय , वरिष्ठ कांग्रेस नेता संजय कुमार दुबे, महेंद्र चौबे सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और स्थानीय गणमान्य लोग उपस्थित थे.प्रतियोगिता को सफल बनाने में सोनू कुमार, ओम प्रकाश यादव, प्रियांशु राय, श्रीभगवान कुमार, विमलेश राय, जनार्दन यादव और हरेंद्र राम समेत स्थानीय युवाओं की टोली ने सराहनीय भूमिका निभाई.






