जन सुराज नेता व राजपुर व्यापार मंडल के पूर्व अध्यक्ष मोहन दूबे का निधन, इलाके में शोक की लहर

नेशनल आवाज़ /बक्सर :- जिले के राजपुर व्यापार मंडल के पूर्व अध्यक्ष और वरिष्ठ सामाजिक-राजनीतिक कार्यकर्ता मोहन दूबे का बुधवार तड़के असामयिक निधन हो गया.62 वर्ष की आयु में दिल का दौरा पड़ने के कारण उन्होंने नगर के सिविल लाइन्स स्थित अपने आवास पर अंतिम सांस ली. उनके अचानक चले जाने से पूरे राजपुर और बक्सर के राजनीतिक व सामाजिक गलियारों में शोक की लहर दौड़ गई है.
विदित हो की राजपुर प्रखंड के हरपुर पंचायत के ददुरा गांव निवासी मोहन दूबे अपने पीछे पत्नी विमला देवी और दो अविवाहित पुत्रों सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं. उनके करीबियों और जानने वालों के मुताबिक, वह पूरी तरह स्वस्थ थे और लगातार सामाजिक जीवन में सक्रिय भूमिका निभा रहे थे.सुबह जैसे ही उनके निधन की खबर सामने आई, हर कोई स्तब्ध रह गया.समाज सेवियों ने कहा की मोहन दूबे जी का जाना न केवल उनके परिवार के लिए, बल्कि राजपुर के सामाजिक और राजनीतिक जगत के लिए एक अपूरणीय क्षति है. इसकी भरपाई कभी नहीं की जा सकती.
मोहन दूबे को राजनीति विरासत में मिली थी. उनके पिता स्वर्गीय सच्चिदानंद दूबे कांग्रेस के वरिष्ठ और प्रतिष्ठित नेता थे. पिता के पदचिह्नों पर चलते हुए मोहन दूबे ने अपने लंबे राजनीतिक करियर में कांग्रेस और राजद जैसे बड़े दलों के साथ जुड़कर क्षेत्र के विकास के लिए काम किया. वर्तमान समय में वे प्रशांत किशोर के ‘जन सुराज’ अभियान के साथ जुड़कर जमीन पर काफी सक्रिय थे.उनके असामयिक निधन की सूचना मिलते ही सिविल लाइन्स स्थित आवास पर शुभचिंतकों और नेताओं का तांता लग गया.
शोक व्यक्त करने वालों में पूर्व सदर विधायक संजय तिवारी,राजपुर मुखिया अनिल सिंह, पूर्व मुखिया सत्येन्द्र नारायण सिंह, मिंटू उपाध्याय के अलावा क्षेत्र के बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों और शोक संतप्त समर्थकों ने उनके तैलचित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी और इस दुख की घड़ी में परिवार को संबल प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की.






